क्या आप अपने क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानते हैं? ज्यादतर यह नहीं जानते कि उनके क्रेडिट कार्ड्स पर कौन-कौन सी सुविधाए मिल रही हैं। उदाहरण के लिए कई क्रेडिट कार्ड्स एयर एक्सिडेंट बेनेफिट ऑफर करते हैं, लेकिन यूजर्स को इसके बारे में पता नहीं होता। अहमदाबाद में इस महीने हुए प्लेन क्रैश के बाद क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले इस फायदे की चर्चा हो रही है। दरअसल, एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस हादसा होने पर बहुत मददगार साबित होता है।
सिर्फ प्राइमरी कार्डहोल्डर कवर होता है
एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस सिर्फ प्राइमरी कार्डहोल्डर को कवर करता है। इसका मतलब है कि कार्डहोल्डर के साथ ट्रैवल करने वाले परिवार के सदस्य इस कवर के दायरे में नहीं आते हैं। दूसरा यह कि यह सुविधा एड-ऑन कार्ड पर नहीं मिलती है। कुछ क्रेडिट कार्ड्स फ्लाइट टिकट खरीदने के लिए कार्ड का इस्तेमाल किए जाने पर कंप्लिमेंटरी एयर एक्सिडेंच इंश्योरेंस ऑफर करते हैं।
3 करोड़ से 5 करोड़ रुपये तक का कवरेज
उदाहरण के लिए IndusInd Bank के Avios, Tiger और पिनैकल क्रेडिट कार्ड्स पर 25 लाख का कवरजे मिलता है। HDFC Bank के Infinia, SBI Aurum और अमेरिक एक्सप्रेस के प्लैटिनम चार्ज क्रेडिट कार्ड पर 3 करोड़ रुपये से लेकर 5 करोड़ रुपये तक का कवरेज मिलता है। कवरेज अमाउंट में कार्ड के हिसाब से फर्क हो सकता है। हालांकि, इस सुविधा के साथ कुछ शर्तें जुड़ी होती हैं।
फ्लाइट टिकट का पेमेंट करने पर सुविधा
अगर कोई व्यक्ति क्रेडिट कार्ड से फ्लाइट टिकट खरीदते हैं और कार्ड पर एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध है तो एयर एक्सिडेंट में मौत होने पर व्यक्ति को फाइनेंशियल कंपनसेशन मिलता है। यह ध्यान में रखने वाली बात है कि क्रेडिट कार्ड का स्टेट्स एक्टिव होना चाहिए तभी एयर क्रैश की स्थिति में कंपनसेशन मिलेगा। टाइम फ्रेम में क्रेडिट कार्ड इश्यू करने वाली कंपनी की शर्त के हिसाब से फर्क हो सकता है।
कम से कम एक ट्रांजैक्शन की शर्त
उदाहरण के लिए IDFC First Bank के Ashva Card पर 1 करोड़ के कवरेज के लिए अंतिम 10 दिन में कम से कम एक ट्रांजेक्शन का होना जरूरी है। ICICI Bank के Rubyx कार्ड में उतने ही कवरेज अमाउंट के लिए अंतिम 60 दिन में एक ट्रांजेक्शन का होना जरूरी है। AU Zenith Plus जैसे दूसरे कार्ड्स पर यह पीरियड 180 दिन का है। कार्ड इनसाइडर के को-फाउंडर अंकुर मित्तल ने कहा कि पॉलिस डॉक्युमेंट्स को पढ़ना बहुत जरूरी है।
कुछ स्थितियों में नहीं मिलता बीमा का पैसा
एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस का फायदा कुछ खास स्थितियों में नहीं मिलता है। जैसे अगर आतंकी साजिश की वजह से एयर क्रैश होता है तो फिर यूजर को एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस का फायदा नहीं मिलेगा। क्लेम फाइल करने के लिए कुछ खास शर्तें हैं। पहला, कार्डहोल्डर के परिवार के सदस्य को जरूरी डॉक्युमेंट्स के साथ कार्ड कंपनी से संपर्क करना होगा।
इन कार्ड्स पर खत्म होने जा रही सुविधा
SBI Cards अपने कुछ प्रीमियम कार्ड्स पर कंप्लिमेंटरी एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस को बंद करने जा रही है। 15 जुलाई से SBI Card ELITE, Miles ELITE और Miles Prime पर 1 करोड़ कवरेज की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके साथ ही SBI Card Prime और Pulse पर भी एयर एक्सिडेंट इंश्योरेंस की सुविधा वापस ले ली जाएगी। को-ब्रांडेड SBI Cards पर भी यह सुविधा 11 अगस्त से खत्म हो जाएगी।