$100 के पार क्रूड ऑयल, महंगाई, बाजार और आपके पोर्टफोलियो पर क्या होगा इसका असर? 5 पॉइंट में समझिए

Crude Oil Prices Surge Impact: जब कच्चा तेल महंगा होता है, तो इसका असर केवल पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं रहता। इससे ट्रांसपोर्टेशन, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ जाती है। कंपनियां बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालती हैं, जिससे खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक सब कुछ महंगा हो जाता है

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 8:41 AM
Story continues below Advertisement
विशेषज्ञों का मानना है कि तेल की कीमतों में 10% की बढ़त भारत में महंगाई को 0.30% तक बढ़ा सकती है

US-Iran Tensions: वैश्विक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई रुकने के डर से कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। भारत जैसे देश के लिए, जो अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है, यह स्थिति चिंताजनक है। आइए आपको बताते हैं कि तेल की इन बढ़ती कीमतों का आपकी जेब और निवेश पर क्या पड़ेगा असर।

1. सब कुछ हो जाएगा महंगा!

जब कच्चा तेल महंगा होता है, तो इसका असर केवल पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं रहता। इससे ट्रांसपोर्टेशन, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ जाती है। कंपनियां बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालती हैं, जिससे खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक सब कुछ महंगा हो जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि तेल की कीमतों में 10% की बढ़त भारत में महंगाई को 0.30% (30 bps) तक बढ़ा सकती है और आर्थिक विकास की रफ्तार को थोड़ा धीमा कर सकती है।


2. रुपये की कमजोरी बन रही मुसीबत

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के साथ भारतीय रुपया भी दबाव में है। कमजोर रुपया आयात को और महंगा बना देता है, जिससे तेल की प्रभावी कीमत और बढ़ जाती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि, अगर युद्ध खत्म होता है, तो रुपया 91.5 के लेवल तक संभल सकता है, वरना यह 93 के स्तर तक भी गिर सकता है, जिससे और मुश्किलें बढ़ सकती है।

3. स्टॉक मार्केट के निवेशकों के लिए क्या हो रणनीति?

बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच विशेषज्ञों की सलाह है कि घबराएं नहीं, बल्कि अपने पोर्टफोलियो को संतुलित रखें। अपने वित्तीय लक्ष्यों के अनुसार निवेश को अलग-अलग एसेट क्लास जैसे0 इक्विटी, डेट, गोल्ड में बांटकर रखें। मौजूदा समय में लार्ज-कैप, फ्लेक्सी-कैप और मल्टी-कैप फंड्स ज्यादा सुरक्षित नजर आ रहे हैं। इनमें एक साथ पैसा लगाने के बजाय किस्तों में निवेश करें, बशर्ते आपका नजरिया 5 साल से अधिक का हो।

4. गिर सकती है पुराने बॉन्ड की कीमतें

महंगाई बढ़ने की आशंका से बॉन्ड यील्ड बढ़ जाती है, जिसका मतलब है कि पुराने बॉन्ड की कीमतें गिर जाती हैं। अगर बाजार में नया बॉन्ड 8% ब्याज दे रहा है, तो कोई आपका पुराना 7% वाला बॉन्ड क्यों खरीदेगा? इसलिए आपके पुराने बॉन्ड की कीमत बाजार में कम हो जाएगी। ऐसे में निवेशक 3 साल तक की मैच्योरिटी वाले शॉर्ट-टर्म कॉर्पोरेट बॉन्ड या डेट म्यूचुअल फंड पर विचार कर सकते हैं, क्योंकि इनमें जोखिम कम होता है।

5. सोना बना हुआ है सुरक्षा कवच

जब महंगाई बढ़ती है और अनिश्चितता का माहौल होता है, तो निवेशक सोने की ओर भागते हैं। सोना महंगाई के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करता है और आपकी क्रय शक्ति को बनाए रखने में मदद करता है। ऐसे समय में सोने में निवेश करना एक स्मार्ट कदम हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।