DA Hike 2026: अप्रैल 2026 का पहला हफ्ता खत्म हो चुका है। लाखों केंद्रीय सरकारी कर्मचारी अभी भी महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। आमतौर पर जनवरी वाले DA की घोषणा मार्च में हो जाती है, लेकिन इस बार अब तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है, जिससे कर्मचारियों में सवाल बढ़ गए हैं। क्या सरकार जनवरी 2026 का महंगाई भत्ता (DA) नहीं बढ़ाएगी? या फिर इसे इजरायल-ईरान युद्ध के कारण पड़ रहे फाइनेंशियल दबाव की वजह से टाल रही है? या फिर इसके पीछे कुछ और ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से सरकार DA बढ़ोतरी की घोषणा को फिलहाल आगे बढ़ा रही है?
पिछले साल 28 मार्च को किया था ऐलान?
पिछले सालों का रिकॉर्ड देखें तो 2025 में सरकार ने 28 मार्च को DA बढ़ोतरी का ऐलान किया था और 2 अप्रैल को आदेश जारी हुआ था। वहीं 2024 में 3 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया गया था। ऐसे में इस बार देरी ज्यादा महसूस हो रही है।
क्या 60% होगा महंगाई भत्ता
हालांकि, एक्सपर्ट का कहना है कि यह देरी किसी बड़ी नीति बदलाव का संकेत नहीं है। दरअसल, DA बढ़ोतरी एक तय फॉर्मूले के आधार पर होती है, जो AICPI-IW यानी इंडस्ट्रियल लेबर के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के 12 महीने के औसत पर निर्भर करता है। जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के आंकड़ों के आधार पर इस बार करीब 2% की बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% तक पहुंच सकता है।
आखिर क्यों हो रही है DA बढ़ाने में देरी?
एक्सपर्ट मानते हैं कि इस बार देरी के पीछे प्रशासनिक प्रोसेस और मंजूरी में लगने वाला समय बड़ा कारण है। साथ ही 8वें वेतन आयोग की तरफ ट्रांजिशन करना भी एक वजह हो सकती है। इसके कारण सरकार सभी चीजों को बैलेंस तरीके से लागू करना चाहती है।
इसके अलावा सरकार फाइनेंशियल बैलेंस को ध्यान में रखते हुए AICPI-IW के ताजा आंकड़ों के आधार पर सही समय पर ऐलान करना चाहती है। ताकि, महंगाई और खर्च दोनों को कंट्रोल किया जा सके।
क्या सरकार DA बढ़ोतरी रोक सकती है?
कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार ने 17% DA को करीब 18 महीने तक फ्रीज कर दिया था। लेकिन कर्मचारी एसोसिएशन का मानना है कि अभी ऐसी कोई इमरजेंसी नहीं है, जिससे DA को रोका जाए। हालांकि, अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के कारण फाइनेंशियल दबाव सरकार पर बढ़ा है। लेकिन इन वजह DA बढ़ोतरी को रोके जाने की संभावना कम है। सरकार को घोषणा करने में देरी हो रही है।
अनुमान है कि सरकार अप्रैल के दूसरे हफ्ते या मिड अप्रैल तक DA बढ़ोतरी की घोषणा कर सकती है। यानी कर्मचारियों को ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सबसे राहत की बात यह है कि भले ही घोषणा देर से हो, लेकिन कर्मचारियों को पूरा फायदा मिलेगा। DA बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी और बीच का एरियर यानी बकाये के साथ दिया जाएगा।