DA Hike 2026: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी 2026 के महंगाई भत्ते (DA) और डियरनेस रिलीफ (DR) बढ़ोतरी का अभी भी इंतजार है। हर साल की तरह इस बार भी उम्मीद थी कि होली से पहले DA बढ़ोतरी का ऐलान हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मार्च के आखिरी कैबिनेट मीटिंग से भी लोगों को उम्मीद थी, लेकिन वहां भी कोई फैसला नहीं लिया गया। अब माना जा रहा है कि सरकार अप्रैल के पहले हफ्ते में इसका ऐलान कर सकती है। कल बुधवार 1 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक होगी। ऐसे में उम्मीद है कि सरकार कल कैबिनेट बैठक के बाद महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान कर सकती है।
एक्सपर्ट के अनुसार इस बार देरी की बड़ी वजह 7वें और 8वें वेतन आयोग के बीच बदलाव है। 7वें वेतन आयोग का पीरियड खत्म हो चुका है और 8वां वेतन आयोग लागू हो गया है, लेकिन उसकी सिफारिशें अभी आनी बाकी हैं। इसी ट्रांजिशन के कारण सरकार समय लेकर फैसला कर रही है। इसके अलावा सरकार महंगाई के आंकड़ों (CPI-IW) और अपने खर्च के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि फाइनेंशियल बोझ ज्यादा न बढ़े।
मौजूदा आंकड़ों के आधार पर DA में करीब 2% की बढ़ोतरी का अनुमान है। यानी यह 58% से बढ़कर करीब 60% तक पहुंच सकता है। कैलकुलेशन के मुताबिक DA करीब 60.33% बनता है, जिसे सरकार आमतौर पर राउंड ऑफ करके 60% तय करती है।
DA की गणना 12 महीने के औसत CPI-IW (कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स) के आधार पर की जाती है। यह डेटा हर महीने जारी होता है। उसी के आधार पर साल में दो बार DA में बदलाव किया जाता है।
कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है?
DA सीधे तौर पर कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स की इनकम को प्रभावित करता है। बढ़ोतरी भले ही छोटी हो, लेकिन इसका असर लाखों लोगों की जेब पर पड़ता है।
जब भी सरकार DA बढ़ाने का ऐलान करेगी, यह 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। यानी कर्मचारियों को बढ़ी हुए अमाउंट के साथ एरियर भी मिलेगा।