DA Hike: केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत की खबर है। जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। अभी कर्मचारियों को हर महीने 58 फीसदी महंगाई भत्ता मिलता है। अगर जनवरी 2026 में सरकार 2 फीसदी की बढ़ोतरी डीए में करती है तो महंगाई भत्ता बढ़कर 60 फीसदी हो सकता है।
इस बढ़ोतरी का आधार लेबर ब्यूरो के जारी ऑल इंडिया कंज़्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़े हैं। 31 दिसंबर 2025 को जारी नवंबर 2025 के आंकड़ों में इंडेक्स 0.5 अंक बढ़कर 148.2 पर पहुंच गया, जिससे 12-महीने का औसत 60% DA की दिशा में मजबूती से बढ़ गया है।
7वें वेतन आयोग के नियमों के मुताबिक DA का कैलकुलेशन AICPI-IW (बेस ईयर 2016=100) के 12-महीने के औसत से की जाती है। नवंबर 2025 तक के आंकड़ों के आधार पर गणना करने पर DA 59.93% पर पहुंच गया है यानी 60% के बेहद करीब पहुंच गया है।
अब केवल दिसंबर 2025 का इंडेक्स आना बाकी है, लेकिन संकेत साफ हैं कि नतीजा 60% से नीचे जाने वाला नहीं है।
दिसंबर के अलग-अलग हालात में भी 60% DA
इंडेक्स 148.2 पर स्थिर रहा: DA - 60.34%
इंडेक्स 150.2 तक बढ़ा: DA - 60.53%
इंडेक्स 146.2 तक घटा: DA - 60.15%
चूंकि सरकार DA की घोषणा पूरे अंक में करती है, इसलिए 60.00% से 60.99% के बीच का कोई भी आंकड़ा 60% ही माना जाएगा। यानी मौजूदा 58% से 60% की 2% बढ़ोतरी लगभग पक्की है।
हालांकि डीए 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा, लेकिन औपचारिक नोटिफिकेशन बाद में आता है। पिछले अनुभवों के आधार पर सरकार मार्च या अप्रैल 2026 में DA बढ़ोतरी की घोषणा कर सकती है। इसके साथ ही जनवरी से एरियर भी दिया जाएगा।
इस बार DA क्यों ज्यादा अहम है?
यह DA बढ़ोतरी इसलिए भी खास है क्योंकि 1 जनवरी 2026 से 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का नया साइकिल शुरू माना जाता है। नया वेतन आयोग लागू होने पर मौजूदा DA को बेसिक में मर्ज किया जाता है और DA फिर से शून्य से शुरू होता है। ऐसे में 7वें CPC के तहत 60% DA एक अहम रेफरेंस पॉइंट बन जाता है, जो फिटमेंट फैक्टर और नए सैलरी स्ट्रक्चर पर असर डाल सकता है।
कर्मचारियों को क्या फायदा होगा?
कर्मचारियों की मंथली टेक-होम सैलरी में बढ़ोतरी होगी।
पेंशनर्स को ज्यादा DR मिलेगा।