7th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों को जल्दी ही सैलरी बढ़ने की खबर मिल सकती है। केंद्र सरकार अगले महीने महंगाई भत्ता यानी DA में 4% का इजाफा करने का ऐलान कर सकती है। लगातार बढ़ती महंगाई को देखते हुए केंद्र सरकार DA बढ़ाने का फैसला कर सकती है। साल में दो बार जनवरी और जुलाई में DA या महंगाई भत्ते में बदलाव किया जाता है।
DA में ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में इस बार महंगाई भत्ते (DA) में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि देश में खुदरा महंगाई दर जून में 7.01% पर पहुंच गया, जो कि आरबीाई के टॉलरेंट लिमिट (2- 6%) से अधिक है।
मार्च में, केंद्र सरकार ने 7th Pay Commision (सातवें) वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता (DA) 4 फीसदी बढ़ाने की मंजूरी दी थी। इसके साथ ही महंगाई भत्ता बेसिक इनकम के 34 फीसदी पर पहुंच गया था। सरकार के इस कदम से 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा मिला।
अगर एक बार फिर से सरकार महंगाई भत्ते में 4 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान करती है, तो यह बेसिक सैलरी के 38 फीसदी पर पहुंच जाएगा। बता दें कि DA सरकारी कर्मचारियों को दिया जाता है, जबकि डियरनेस रिलीफ पेंशनधारकों को दिया जाता है।
38 फीसदी होने पर इतनी बढ़ेगी सैलरी
कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 56,900 रुपये है, उनको 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता होने पर 21,622 रुपये DA मिलेगा। अभी 34 फीसदी की दर से 34 प्रतिशत डीए के हिसाब से 19,346 रुपये मिल रहे हैं। 4 फीसदी DA बढ़ने से सैलरी में 2,276 रुपये बढ़ जाएंगे। यानी, सालाना करीब 27,312 रुपये बढ़ जाएंगे।
एरियर में मिलेगी इतनी रकम
इसके अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ते पर 18 महीने का एरियर भी मिल सकता है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जनवरी 2020 से जून 2021 तक 18 महीने के डीए बकाया भुगतान के मुद्दे को जल्द ही संबोधित किया जा सकता है और केंद्र सरकार के कर्मचारियों को एक बार में 2 लाख रुपये का एरियर भी मिल सकता है।