DDA कर रहा है 453 रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रॉपर्टीज का ऑक्शन, जानें 7 अहम जरूरी बातें
DDA: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इंडस्ट्रियल, कमर्शियल, रेजिडेंशियल, ग्रुप हाउसिंग, संस्थागत और धार्मिक स्थलों जैसी केटेगरी में 157 प्लॉट सहित 453 एसेट्स के लिए बिड आमंत्रित की हैं। प्राधिकरण ने सीएनजी फ्यूल स्टेशन साइटों, दुकानों और कियोस्क के लिए भी बिड आमंत्रित की हैं
MoneyControl News
अपडेटेड Oct 19, 2023 पर 4:55 PM
ई-ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवंबर 2023 तक खुला है।
DDA: दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इंडस्ट्रियल, कमर्शियल, रेजिडेंशियल, ग्रुप हाउसिंग, संस्थागत और धार्मिक स्थलों जैसी केटेगरी में 157 प्लॉट सहित 453 एसेट्स के लिए बिड आमंत्रित की हैं। प्राधिकरण ने सीएनजी फ्यूल स्टेशन साइटों, दुकानों और कियोस्क के लिए भी बिड आमंत्रित की हैं। प्राधिकरण के मुताबिक इन एसेट्स का आवंटन ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा। ई-ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवंबर, 2023 तक खुला है। डीडीए के ई-ऑक्शन के बारे में यहां आपको 7 जरूरी बातें बता रहे हैं।
प्लॉटों की संख्या और केटेगरी
अलग-अलग केटेगरी में कुल 157 प्लॉट के लिए बिड बुलाई गई हैं, जिनमें रोहिणी में 50 इंस्टीट्यूशनल प्लॉट, 12 इंडस्ट्रियल प्लॉट, 46 रेजिडेंशियल प्लॉट, दो ग्रुप हाउसिंग प्लॉट, 28 कमर्शियल प्लॉट और 19 छोटे साइज के रेजिडेंशियल प्लॉट शामिल हैं। ये सभी प्लॉट फ्रीहोल्ड आधार पर मिल रहे हैं।
दुकानें और कियॉस्क
सालाना लाइसेंस शुल्क के लिए 145 फ्रीहोल्ड दुकानों, 15 कियोस्क, 16 मोबाइल टावर साइटों, दो सीएनजी या ग्रीन फ्यूल साइटों और चार गैस गोदामों के लिए भी बिड आमंत्रित की गई हैं।
जगह और साइज
ग्रुप हाउसिंग प्लॉट रोहिणी सेक्टर 32 में हैं और साइज 9,450 वर्ग मीटर (वर्गमीटर) और 10,060 वर्गमीटर हैं।
रेजिडेंशियल प्लॉट रोहिणी सेक्टर 25, 18, 7, 36, 37, शालीमार बाग, द्वारका सेक्टर 17, न्यू राजिंदर नगर, वेस्ट पटेल नगर, मुखर्जी नगर और जनकपुरी में स्थित हैं। इन प्लॉट का आकार 32 वर्गमीटर से 357 वर्गमीटर के बीच है। छोटे रेजिडेंशियल प्लॉट रोहिणी सेक्टर 29, 30, 34 और 37 में स्थित हैं। इन प्लॉट का आकार 26 वर्गमीटर से 60 वर्गमीटर तक है।
कमर्शियल प्लॉट द्वारका सेक्टर 8 और 17, बिंदापुर, मॉडल टाउन, मयूर विहार जिला केंद्र, यमुना विहार और नरेला में स्थित हैं। इन व्यावसायिक प्लॉट का आकार 100 वर्गमीटर से लेकर 12,602 वर्गमीटर तक है। योजना में पेश किए जा रहे 12 इंडस्ट्रियल प्लॉट मंगोलपुरी फेज I और फेज II, केशोपुर इंडस्ट्रियल एरिया और कीर्ति नगर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित हैं। ये प्लॉट 10 वर्गमीटर से 399.6 वर्गमीटर के बीच हैं।
कियोस्क लाजपत नगर II, लक्ष्मी नगर, भलस्वा, पीतमपुरा और राजौरी गार्डन में स्थित हैं। इनका साइज छह से 16 वर्गमीटर के बीच है।
दुकानें विकासपुरी, पश्चिम विहार, पीतमपुरा, नरेला, शालीमार बाग, रोहिणी सेक्टर 3, 7 और 8, जनकपुरी, पीरागढ़ी, वसंत कुंज और द्वारका सेक्टर 23 में स्थित हैं। ये खाली दुकानें 6.96 वर्ग मीटर और 322 वर्गमीटर है।
ई-ऑक्शन
इन एसेट्स के लिए ऑनलाइन बोली के लिए तीन दिन तय किये गए हैं। कियॉस्क, मोबाइल टावर साइटों, सीएनजी/ग्रीन फ्यूल साइटों और इंस्टीट्यूशनल प्लॉट के लिए ई-ऑक्शन 7 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इंडस्ट्रियल, रेजिडेंशियल और छोटे आकार के रेजिडेंशियल प्लॉट के लिए ई-ऑक्शन 8 नवंबर को होगा। कॉमर्शियल और ग्रुप हाउसिंग प्लॉट और दुकानों की नीलामी 9 नवंबर को होगी।
कैसे करें अप्लाई
डीडीए ने विज्ञापनों में क्यूआर कोड दिया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दिखाए जा रहे हैं। इन क्यूआर कोड को स्कैन करके सभी जरूरी जानकारी तक पहुंचा जा सकता है। इच्छुक बोली लगाना वाला (Bidder) केवल https://ddaeauction.ewizard.in और www.dda.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
हेल्पसेंटर
डीडीए ने नागरिक सुविधा केंद्र, विकास सदन, INA में अपने ऑफिस में प्रश्नों के समाधान और डिजिटल साइन लेने, रजिस्ट्रेशन और बिडर्स को ट्रेनिंग देने के लिए हेल्प डेस्क बनाए हैं। हेल्प डेस्क पर सोमवार से शुक्रवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कॉन्टेक्ट किया जा सकता है।
एक्सपर्ट की राय
रियल एस्टेट कंसल्टेंसी साउथडेल्हीप्राइम के रोहित चोपड़ा ने कहा कि डीडीए ने रिजर्व्ड कीमतें सर्कल रेट के आसपास रखी हैं, जो बड़ी संख्या में बिडर्स को शामिल करने के लिए एक अच्छी रणनीति है।