Devuthani 2024: 12 नवंबर 2024 को देवउठनी एकादशी के पावन दिन पर शादियों के शुभ मुहूर्त की शुरुआत हो गई। दिल्ली में आज लगभग 50,000 शादियां हुईं। अगले 18 दिनों में देशभर में करीब 48 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिसमें से दिल्ली में लगभग 4.5 लाख शादियां होंगी। इस शादी के सीजन से व्यापारिक गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी होगी और देशभर में उत्सव का माहौल रहेगा।
तुलसी विवाह से हुई शुभ कार्यों की शुरुआत
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के चार महीने की निद्रा से जागने के बाद तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। इसे शुभ मानकर शादी और अन्य मांगलिक कार्य शुरू होते हैं। देशभर के मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थानों पर तुलसी और भगवान श्री विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह संपन्न हुआ।
शादी का सीजन व्यापार को देगा बढ़ावा
कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के अनुसार इस शादी के सीजन में लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। कपड़े, आभूषण, सजावट, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और खानपान जैसे क्षेत्रों में व्यापार बढ़ेगा। इसके साथ ही कई लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
दिल्ली में विशेष तैयारियां
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने बताया कि व्यापारियों ने शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की है। दुकानों में ग्राहकों की सुविधा का ध्यान रखा गया है। शादियों में होने वाला खर्च न केवल दूल्हा-दुल्हन के परिवारों को बल्कि कई अन्य सेवा प्रदाताओं को भी लाभ पहुंचाता है। इससे आर्थिक गतिविधियों में वित्तीय स्थिरता बनी रहती है। देवउठनी एकादशी से शुरू हुआ शादी का यह सीजन भारत की अर्थव्यवस्था में सनातन अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है। यह न केवल व्यापारियों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए समृद्धि लेकर आएगा। उम्मीद है कि यह सीजन व्यापार और परिवारों के लिए खुशियां और तरक्की लेकर आएगा।