E-Shram Card 2022: मोदी सरकार मजदूरों को दे रही 2 लाख रुपये का मुफ्त बीमा समेत ढेरों फायदे, जानें ई-श्रम पोर्टल पर कैसे करें अप्लाई

ई-श्रम पोर्टल के माध्यम से भारतीय मजदूरों को उनके कौशल के आधार पर रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी

अपडेटेड Dec 31, 2021 पर 12:15 PM
अगर असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगार पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं, तो उन्हें 2 लाख रुपये का एक्सीडेंट बीमा कवर मिलेगा

E-Shram Card 2022: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत की गई थी। इस पोर्टल के माध्यम से भारतीय मजदूरों को उनके कौशल के आधार पर रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

इसलिए, जो श्रमिक इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट eshram.gov.in से ई-श्रम कार्ड रजिस्ट्रेशन फॉर्म 2022 भरकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ई-श्रम कार्ड योजना श्रम और रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आती है।

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 4 महीने में 15 करोड़ को पार


ई-श्रम पोर्टल पर अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने 25 दिसंबर को बताया था कि भारत में अनौपचारिक क्षेत्र का हर तीसरा श्रमिक अब ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर्ड है और पोर्टल पर कुल रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 4 महीने में 15 करोड़ को पार कर गया है।

ई-श्रम पोर्टल पर अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों का डेटाबेस बनाया जा रहा है, जिससे सरकार को उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का फायदा पहुंचाने में मदद मिलेगी। ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत 26 अगस्त 2021 को हुई थी।

Doctors Strike: आखिरकार आज 12 बजे के बाद खत्म हो जाएगी दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, FIR वापस लेने की प्रक्रिया शुरू

पोर्टल के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि रजिस्ट्रेशन के लिहाज से शीर्ष पांच राज्य उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड हैं। पंजीकरण करवाने वालों में 52.56 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि 47.44 प्रतिशत पुरुष हैं।

ई-श्रम कार्ड के फायदे?

अगर असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगार इस पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं, तो उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 2 लाख रुपये का एक्सीडेंट बीमा कवर मिलेगा। इस कार्ड की बदौलत कामगार प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना, स्वरोजगारों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और अटल पेंशन योजना सहित कई योजनाओं सीधा फायदा ले सकता है।

इसके अलावा भविष्य में पेंशन की सुविधा भी प्रदान की जा सकती है। वहीं, मेडिकल इलाज में वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी। मैटरनिटी बेनिफिट के तहत अगर कोई गर्भवती महिला कर्मचारी काम करने में असमर्थ है तो उसे और उसके बच्चों को भरण-पोषण के कई लाभ मिलेंगे। मकान बनाने के लिए भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी और बच्चों की शिक्षा के लिए भी वित्तीय सहायता दी जा सकती है।

E-SHRAM CARD पर ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

- ई-श्रमिक कार्ड पाने के लिए सबसे पहले ई-श्रम पोर्टल https://register.eshram.gov.in/#/user/self पर जाएं।

- फिर Register on E-shram के विकल्प पर क्लिक करें.

- इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म ओपेन होगा।

- फार्म में आधार कार्ड से लिंक्ड मोबाइल नंबर, कैप्चा कोड भरें।

- अब रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे आपको ओटीपी बॉक्स में भरें

- फिर रजिस्टर के विकल्प पर क्लिक करें, इस तरह से आप ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर कर सकेंगे।

- फॉर्म भरने के बाद आपको आवश्यक जरूरी डाक्यूमेंट्स अपलोड करें।

- इसके बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें।

- इसके संबंध में अधिक जानकारी के लिए, कृपया श्रम और रोजगार मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ eshram.gov.in देखें।

आवश्यक जानकारी

- रजिस्टर करने वाले की उम्र 18 वर्ष से 59 साल होनी चाहिए। मजदूर इनकम टैक्स नहीं भरता हो। साथ ही वह ईपीएफओ, ईएसआईसी का भी सदस्य नहीं होना चाहिए। ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर करने वाले मजदूरों को श्रम मंत्रालय 12 डिजिट का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर जारी करेगा। अप्लाई करने वालों को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट का डिटेल्स और राशन कार्ड की जरूरत पड़ेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।