अगर आपने कभी नौकरी छोड़ने के बाद अपना पीएफ यानी प्रॉविडेंड फंड निकालने के लिए लंबा इंतजार किया है, तो अब आपके लिए राहत की खबर है। EPFO अब पीएफ निकालने की प्रोसेस को आसान और तेज बनाने की तैयारी कर रहा है। अभी तक पीएफ का फाइनल पैसा निकालने में कई लोगों को हफ्तों या महीनों तक इंतजार करना पड़ता था। कभी कंपनी की तरफ से वेरिफिकेशन लेट होता था, तो कभी डॉक्यूमेंट या KYC में गलती की वजह से क्लेम अटक जाता था। लेकिन अब EPFO इस प्रक्रिया को ऑटोमेट करने जा रहा है।
इसका मतलब है कि जैसे अभी एडवांस पीएफ निकालने के लिए ऑटो-सेटलमेंट की सुविधा मिलती है, वैसे ही अब फाइनल पीएफ का पैसा निकालने का काम भी जल्द प्रोसेस होगा। इससे कर्मचारियों का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में तेजी से पहुंच जाएगा और बार-बार ऑफिस या एजेंट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
EPFO के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ती ने कहा कि सरकार फाइनल PF निकालने के लिए ऑटो-सेटलमेंट सुविधा शुरू करने जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर कोई कर्मचारी नौकरी बदलता है, तो उसके PF खाते को अपने आप ट्रांसफर करने और क्लेम को ऑटो-सेटल करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। अभी देश में EPFO के देशभर में 7 करोड़ से अधिक सदस्य हैं।
आज के समय में टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और प्राइवेट सेक्टर में लोग जल्दी-जल्दी नौकरी बदलते हैं। ऐसे में यह बदलाव लाखों कर्मचारियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
EPFO पहले ही ऑनलाइन क्लेम, आधार लिंकिंग और आसान KYC जैसी सुविधाएं शुरू कर चुका है। अब ऑटो-सेटलमेंट और ऑटो-ट्रांसफर से लोगों को अपना पैसा समय पर मिलने में बड़ी मदद मिलेगी। हालांकि, यह सुविधा कब पूरी तरह लागू होगी, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।