EPF Benefits: सैलरी से कटता है पीएफ? जानिए EPFO के ये 5 धांसू फायदे जो आपकी नौकरी और परिवार को देते हैं फुल गारंटी
EPF Scheme 2026 5 Powerful Benefits: प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले ज्यादातर साथी हर महीने अपनी सैलरी से पीएफ कटवाते हैं, लेकिन इसके असली फायदों का उन्हें पता ही नहीं होता। ईपीएफओ के नए नियमों के तहत पीएफ खाता सिर्फ रिटायरमेंट की बचत नहीं, बल्कि टैक्स-फ्री कमाई, फ्री लाइफ इंश्योरेंस, कानूनी सुरक्षा और नौकरी छूटने पर तुरंत पैसे निकालने का सबसे मजबूत सहारा है। जानिए मुश्किल वक्त में पीएफ का पैसा आपकी मदद कैसे करता है
EPF सिर्फ आपकी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि आपके न रहने पर परिवार की ढाल बनकर खड़ा रहता है
5 Powerful EPFO Benefits in 2026: आजकल प्राइवेट नौकरी का कोई भरोसा नहीं रह गया है। कब किसकी छंटनी हो जाए या कब कंपनी में ताला लग जाए, किसी को नहीं पता। ऐसे संकट के टाइम पर हर महीने आपकी तनख्वाह से कटने वाला 'पीएफ का पैसा' ही आपका सबसे सच्चा साथी और सुरक्षा कवच बनता है।
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि पीएफ का पैसा तो बस बुढ़ापे में रिटायरमेंट के बाद ही मिलेगा। लेकिन EPFO के नए कायदे-कानूनों के मुताबिक, यह सिर्फ बचत नहीं है, बल्कि नौकरीपेशा इंसान की हर मुसीबत की काट है।
आइए एकदम आसन भाषा में समझते हैं कि ईपीएफओ के वे 5 बड़े फायदे कौन से हैं, जो आपकी गाढ़ी कमाई और परिवार दोनों की ढाल बनकर खड़े रहते हैं।
1. जितना पैसा आपकी जेब से कटेगा, उतना ही कंपनी भी भरेगी
पीएफ का सबसे तगड़ा फायदा यही है कि इसमें आपकी जेब पर अकेले बोझ नहीं पड़ता। जितना पैसा आपकी सैलरी से कटता है, उतना ही पैसा आपकी कंपनी को भी अपनी तरफ से आपके खाते में डालना पड़ता है।
आपकी बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) का 12% आपकी तनख्वाह से कटकर सीधे पीएफ खाते में जमा होता है। कंपनी भी अपनी तरफ से पूरे 12% का योगदान देती है। कंपनी के इस 12% में से 8.33% हिस्सा आपकी पेंशन (EPS) में जमा होता है, और बाकी बचा हिस्सा आपके पीएफ(EPF) खाते में जुड़ जाता है।
उदाहरण से समझें: अगर किसी की बेसिक सैलरी ₹30,000 है, तो उसकी जेब से ₹3,600 कटेंगे और ₹3,600 कंपनी अपनी जेब से मिलाएगी। यानी हर महीने पूरे ₹7,200 आपके नाम पर जमा हो रहे हैं। 30 साल की नौकरी में बिना सैलरी बढ़े भी सिर्फ मूल रकम ही ₹25.92 लाख बन जाती है, और ऊपर से मिलने वाला ब्याज इस रकम को बहुत बड़ा बना देता है।
2. ब्याज की पूरी कमाई एकदम टैक्स-फ्री
आप जो पैसा ईपीएफ में जमा करते हैं, उस पर सरकार हर साल बढ़िया ब्याज देती है। सबसे मजेदार बात यह है कि इस ब्याज से होने वाली कमाई पर सरकार आपसे एक नया पैसा भी टैक्स नहीं लेती। इसके अलावा, अगर आप पुरानी टैक्स व्यवस्था में हैं, तो सेक्शन 80C के तहत हर साल ₹1.5 लाख तक की टैक्स छूट का सीधा फायदा उठा सकते हैं।
3. कंपनी आपकी सैलरी से पेंशन का पैसा नहीं काट सकती
कई बार लोगों को लगता है कि कंपनी जो पेंशन का 8.33% हिस्सा जमा कर रही है, कहीं वो उनकी ही सैलरी से तो नहीं काटा जा रहा? ईपीएफओ का सख्त नियम है कि कंपनी अपने हिस्से का पैसा कर्मचारी की सैलरी से नहीं काट सकती। अगर कोई कंपनी ऐसी होशियारी करती है, तो कानूनन यह 'आपराधिक अपराध' माना जाता है। यानी पेंशन का यह पैसा कंपनी को अपनी जेब से ही देना पड़ेगा, जो चुपचाप आपके बुढ़ापे की लाठी बनता रहता है।
4. परिवार के लिए ट्रिपल सुरक्षा: फ्री बीमा, पेंशन और कोर्ट से भी सुरक्षा
ईपीएफ सिर्फ आपकी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि आपके न रहने पर परिवार की ढाल बनकर खड़ा रहता है:
फ्री लाइफ इंश्योरेंस (EDLI): पीएफ खाते के साथ कर्मचारियों को ₹7 लाख तक का मुफ्त ईडीएलआई (EDLI) लाइफ इंश्योरेंस कवर मिलता है।
घरवालों को हर महीने पेंशन: अगर सदस्य के साथ कोई अनहोनी हो जाती है, तो उसकी जगह परिवार को हर महीने ईपीएस (EPS) के तहत पेंशन मिलती है।
कोर्ट भी नहीं छीन सकता यह पैसा: ईपीएफ एक्ट की धारा 10 के तहत, आपके पीएफ के पैसे को दुनिया का कोई भी कोर्ट किसी कर्ज या उधारी की भरपाई के लिए जब्त नहीं कर सकता। यानी आपका पीएफ का पैसा हर हाल में सिर्फ आपका और आपके परिवार का ही रहेगा, कोई देनदार इसे छू भी नहीं सकता।
5. जब पड़े पैसों की तंगी, तुरंत निकालो एडवांस!
अगर कभी नौकरी छूट जाए, घर में कोई बीमार पड़ जाए या पैसों की सख्त जरूरत आ जाए, तो पीएफ का पैसा आपके पर्सनल इमरजेंसी फंड की तरह काम आता है:
जरूरत पड़ने पर एडवांस: मकान बनाने, बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह या बीमारी के इलाज के लिए आप पीएफ से एडवांस पैसा निकाल सकते हैं।
नौकरी छूटने पर पूरा हिसाब: अगर किसी की नौकरी चली जाती है, तो 2 महीने तक बेरोजगार रहने के बाद वह अपने पीएफ का पूरा का पूरा (100%) पैसा निकाल सकता है।
UAN नंबर का झंझट-फ्री सिस्टम: नौकरी बदलते ही आपका UAN नंबर वही रहता है। कंपनी बदलने पर पुराना फंड अपने आप नए खाते में ट्रांसफर हो जाता है। अगर बीच में कुछ महीने काम न भी मिले, तब भी जमा पैसे पर ब्याज का मीटर चालू रहता है।