EPFO 3.0 Instant PF Transfer Rules: नौकरी बदलने वाले नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने नए और अपग्रेड डिजिटल सिस्टम EPFO 3.0 को लॉन्च करने की तैयारी में है। सरकार के मुताबिक, इस नए सिस्टम की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, जिसके बाद अब नौकरी बदलने पर आपका पीएफ बैलेंस तुरंत नए एंपलॉयर के खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।
तकनीक भले ही कितनी भी तेज हो जाए, लेकिन अगर आपके रिकॉर्ड्स में गड़बड़ी है, तो यह ऑटोमैटिक सिस्टम भी आपके पैसे को रोक देगा। आइए जानते हैं कि EPFO 3.0 आने के बाद भी आपकी कौन सी 5 गलतियां पीएफ ट्रांसफर में देरी की वजह बन सकती हैं और उनसे कैसे बचा जाए।
1. रिकॉर्ड्स में मिसमैच: नाम और जन्मतिथि की गड़बड़ी
पीएफ ट्रांसफर अटकने का सबसे आम और बड़ा कारण तकनीक नहीं, बल्कि आपके दस्तावेजों में मौजूद गलत जानकारी है। अगर आपके यूएएन (UAN), आधार या पैन कार्ड में आपके नाम की स्पेलिंग अलग है, या फिर जन्मतिथि मैच नहीं खाती है, तो ईपीएफओ का ऑटोमैटिक सिस्टम इसे रिजेक्ट कर देगा। नौकरी बदलने से पहले ही ईपीएफओ पोर्टल पर जाकर चेक करें कि आपके सभी सरकारी दस्तावेजों और पीएफ खाते में एक जैसी जानकारी दर्ज हो।
2. दो UAN होना: नौकरी बदलने पर सबसे बड़ी उलझन
अक्सर देखा जाता है कि जब कोई कर्मचारी नई कंपनी जॉइन करता है, तो अनजाने में उसे एक नया यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) अलॉट हो जाता है। करियर में एक से ज्यादा एक्टिव यूएएन होना बड़ी मुसीबत खड़ी करता है। ऐसे मामलों में ईपीएफओ को दोनों खातों को आपस में मिलाने के लिए अतिरिक्त समय चाहिए होता है, जिससे इंस्टेंट ट्रांसफर रुक जाता है। जब भी नई नौकरी जॉइन करें, तो कंपनी के एचआर को अपना पुराना और एक्टिव यूएएन नंबर ही दें, न कि नए नंबर के लिए अप्लाई करें।
3. पुरानी कंपनी द्वारा 'डेट ऑफ एग्जिट' न डालना
नया डिजिटल सिस्टम आने के बाद भी कुछ जरूरी काम एंपलॉयर के स्तर पर ही होते हैं। जब तक आपकी पुरानी कंपनी ईपीएफओ पोर्टल पर आपकी नौकरी छोड़ने की तारीख यानी 'Date of Exit' को अपडेट नहीं करेगी, तब तक आपका पीएफ ट्रांसफर प्रोसेस शुरू ही नहीं हो सकता। इसके अलावा वेज रिकॉर्ड या वैधानिक फाइलिंग में गलती भी देरी की वजह बनती है। यानी पुरानी कंपनी छोड़ने से पहले या फुल एंड फाइनल (F&F) सेटलमेंट के समय यह सुनिश्चित कर लें कि उन्होंने पोर्टल पर आपकी एग्जिट डेट अपडेट कर दी है।
4. अधूरा केवाईसी: ऐन वक्त पर याद आना
ज्यादातर कर्मचारियों को अपने केवाईसी (KYC) की सुध तब आती है, जब वे पीएफ का पैसा निकालने या ट्रांसफर करने का प्रयास करते हैं। अगर आपका बैंक अकाउंट, पैन कार्ड या आधार नंबर यूएएन से सही तरीके से लिंक और वेरिफाइड नहीं है, तो ईपीएफओ आपके ट्रांसफर रिक्वेस्ट को होल्ड पर डाल देगा। चूंकि अब केवाईसी की ज्यादातर प्रक्रिया ऑनलाइन हो चुकी है, इसलिए नौकरी बदलने से पहले ही अपना केवाईसी स्टेटस चेक करके उसे पूरी तरह अपडेट रखें।
5. ट्रांसफर प्रोसेस शुरू करने में बहुत ज्यादा देरी करना
कई लोग यह मानकर बैठ जाते हैं कि नई कंपनी जॉइन करते ही उनका पुराना पीएफ बैलेंस खुद-ब-खुद नए खाते में आ जाएगा। भले ही EPFO 3.0 इस प्रक्रिया को बेहद आसान और निर्बाध बना रहा है, लेकिन आपको अपनी तरफ से भी एंप्लॉयमेंट डिटेल्स को वेरिफाई करके ट्रांसफर रिक्वेस्ट डालने में देरी नहीं करनी चाहिए। नौकरी बदलने के कई महीनों बाद प्रोसेस शुरू करने पर रिकॉर्ड्स में गड़बड़ी की संभावना बढ़ जाती है।