EPFO की बड़ी सौगात: अब एक WhatsApp मैसेज से मिलेगा PF अकाउंट का पूरा अपडेट, जान लें ये प्रोसेस

EPFO WhatsApp Services: EPFO ने करोड़ों नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए व्हाट्सएप सर्विस शुरू की है। अब सिर्फ एक मैसेज भेजकर आप अपना EPF बैलेंस, आखिरी 5 ट्रांजैक्शन और पासबुक आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्री द्वारा लॉन्च की गई इस सेवा का लाभ उठाने के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर 'Hi' भेजना होगा। जानें पोर्टल के चक्कर काटे बिना व्हाट्सएप से EPF डिटेल्स पाने की पूरी स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 10:49 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस नई पहल का मकसद सदस्यों के लिए डिजिटल सेवाओं की पहुंच को और भी आसान बनाना है

EPFO WhatsApp Services Launched: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। अब पीएफ खाताधारकों को अपने पासबुक देखने, बैलेंस चेक करने या ट्रांजैक्शन डिटेल्स हासिल करने के लिए EPFO के आधिकारिक पोर्टल पर जाने या चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। 1 नवंबर 2026 को EPFO के स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने आधिकारिक तौर पर EPFO की व्हाट्सएप सर्विसेज की शुरुआत की।

इस नई पहल का मकसद सदस्यों के लिए डिजिटल सेवाओं की पहुंच को और भी आसान और सरल बनाना है।

इस नंबर पर भेजें 'Hi': कैसे उठाएं सेवा का लाभ?


EPFO मेंबर्स अपने मोबाइल के जरिए बहुत ही आसानी से इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बस कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

नंबर सेव करें: सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में EPFO का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 8796441800 सेव करें।

मैसेज भेजें: व्हाट्सएप ओपन करें और सेव किए गए नंबर पर “Hi” लिखकर भेजें।

ऑप्शन चुनें: चैट में दिए गए निर्देशों का पालन करें और अपनी जरूरत के अनुसार उपलब्ध सर्विस का चुनाव करें।

QR कोड से एक्सेस: मेंबर्स EPFO द्वारा जारी किए गए आधिकारिक QR कोड को स्कैन करके भी सीधे व्हाट्सएप चैट में एंटर कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण सुरक्षा सलाह: खाताधारक केवल EPFO द्वारा जारी किए गए आधिकारिक नंबर (+91 8796441800) का ही इस्तेमाल करें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ अपने बैंक डिटेल्स, पासवर्ड या ओटीपी (OTP) बिल्कुल शेयर न करें।

व्हाट्सएप पर मिलेंगी ये 3 प्रमुख सेवाएं

EPFO की इस नई व्हाट्सएप सुविधा के जरिए मेंबर्स मुख्य रूप से 3 सर्विस का लाभ उठा सकेंगे:

  1. EPF बैलेंस चेक करना: पोर्टल पर बार-बार लॉगिन किए बिना ही मेंबर्स तुरंत अपने पीएफ अकाउंट का बैलेंस देख सकेंगे।
  2. आखिरी 5 ट्रांजैक्शन देखना: मेंबर्स अपने खाते में हुए पिछले 5 लेन-देन की पूरी डिटेल तुरंत हासिल कर सकते हैं।
  3. EPF पासबुक डाउनलोड: पीएफ पासबुक को व्हाट्सएप पर ही सीधे डाउनलोड किया जा सकेगा, जिससे योगदान का पूरा ब्योरा चेक करना आसान हो जाएगा।

क्या दावे और निकासी भी व्हाट्सएप से होगी?

कर्मचारियों को यह ध्यान रखना होगा कि व्हाट्सएप सेवा फिलहाल केवल बेसिक अकाउंट डिटेल्स और पासबुक जैसी सूचनाओं तक ही सीमित है। क्लेम सेटलमेंट, पीएफ निकासी या प्रोफाइल में किसी भी तरह के सुधार के लिए सदस्यों को पहले की तरह ही आधिकारिक EPFO पोर्टल या उमंग ऐप का उपयोग करना होगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।