EPFO New Rule 2026: ईपीएफओ ने बदला नियम, क्या अब नौकरीपेशा लोगों की सैलरी बढ़ेगी? CTC पर कितना असर, पूरा कैलकुलेशन जानिए

EPFO New Rule 2026 Salary Calculation: अब कर्मचारियों के लिए अनिवार्य पीएफ योगदान को अधिकतम 1800 रुपये प्रति माह पर सीमित कर दिया गया है। अगर किसी कर्मचारी को इससे अधिक पीएफ जमा करना है तो ये पूरी तरह से वॉलेंट्री होगा। इस नई 'कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 2026' से देश के करीब 8 करोड़ सक्रिय ईपीएफओ ग्राहकों पर सीधा असर पड़ने वाला है

अपडेटेड Jul 02, 2026 पर 12:20 PM
जो कर्मचारी अपने रिटायरमेंट के लिए बड़ी बचत करना चाहते हैं, उनके लिए रास्ते बंद नहीं हुए हैं

EPFO New Rule 2026: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने प्रोविडेंट फंड अंशदान के नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है। अब कर्मचारियों के लिए अनिवार्य पीएफ योगदान को अधिकतम 1800 रुपये प्रति माह पर सीमित कर दिया गया है। अगर किसी कर्मचारी को इससे अधिक पीएफ जमा करना है तो ये पूरी तरह से वॉलेंट्री होगा। इस नई 'कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 2026' से देश के करीब 8 करोड़ सक्रिय ईपीएफओ (EPFO) ग्राहकों पर सीधा असर पड़ने वाला है। आइए जानते हैं कि इस नए नियम का आपकी टेक-होम सैलरी, पीएफ कटौती और सीटीसी पर क्या असर पड़ेगा।

क्या है नया नियम और कैसे तय हुई 1800 रुपये की सीमा?

नए नियम के मुताबिक अब कर्मचारियों को 15000 रुपये प्रति माह की वैधानिक वेतन सीमा तक ही अपने वेतन का 12 प्रतिशत योगदान देना अनिवार्य होगा। इसके बाद अब पीएफ का गणित कुछ ऐसा बन रहा है। यानी 15000 रुपये (अधिकतम वैधानिक वेतन सीमा) का 12 फीसदी करें तो ये 1800 रुपये प्रति माह आता है। इस कैलकुलेशन के तहत अब देश के किसी भी नौकरीपेशा कर्मचारी के वेतन से अनिवार्य पीएफ कटौती हर महीने अधिकतम 1800 रुपये ही होगी, चाहे उसकी कुल कमाई कितनी भी क्यों न हो।


समझिए आपकी सैलरी पर इसका क्या असर होगा?

इस बदलाव को एक उदाहरण के जरिए आसानी से समझा जा सकता है। मान लीजिए किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये प्रति माह है। पुराने पीएफ नियमों के हिसाब से सामान्य तौर पर बेसिक सैलरी के हिसाब से पीएफ की बड़ी राशि कट जाती थी।

नए नियम के तहत अब बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये होने पर भी अनिवार्य पीएफ कटौती सिर्फ 1800 रुपये ही रहेगी। कंपनी को भी इस योजना के तहत अनिवार्य रूप से कर्मचारी के इस योगदान से मेल खाता हुआ सिर्फ 1800 रुपये का ही अनिवार्य अंशदान करना होगा। इस नियम के लागू होने से उन कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी बढ़ जाएगी जो अपनी पूरी बेसिक सैलरी पर पीएफ नहीं कटवाना चाहते हैं क्योंकि उनके वेतन से पीएफ के नाम पर होने वाली अनिवार्य कटौती अब घट जाएगी।

ज्यादा पीएफ बचाने वालों के लिए स्वैच्छिक योगदान का विकल्प

जो कर्मचारी रिटायरमेंट के लिए अपनी तरफ से अधिक बचत करना चाहते हैं, उनके लिए रास्ते बंद नहीं हुए हैं। वे वैधानिक सीमा से अधिक अपनी मर्जी से योगदान कर सकते हैं। नए नियमों के मुताबिक कोई भी कर्मचारी 15000 रुपये की वेतन सीमा से अधिक वाले वेतन पर भी वैधानिक दर से योगदान करने का विकल्प चुन सकता है। नियम में यह साफ कर दिया गया है कि कंपनियां कर्मचारियों द्वारा किए जाने वाले इस अतिरिक्त स्वैच्छिक योगदान के बराबर का हिस्सा डालने के लिए बाध्य नहीं हैं। कंपनियां अपनी मर्जी से ऐसा करने का फैसला ले सकती हैं।

नए नियमों में यह भी व्यवस्था दी गई है कि कर्मचारी और नियोक्ता दोनों ही इस तरह के अतिरिक्त स्वैच्छिक योगदान को किसी भी समय कम कर सकते हैं या पूरी तरह से बंद भी कर सकते हैं।

8 करोड़ कर्मचारियों पर पड़ेगा सीधा असर

ईपीएफओ के इस संशोधित नियम का उद्देश्य कर्मचारियों को उनके वेतन और बचत पर अधिक कंट्रोल देना है। अनिवार्य पीएफ कटौती को 1800 रुपये प्रति माह पर कैप करने से जहां एक तरफ कर्मचारियों के हाथ में खर्च करने के लिए अधिक कैश बचेगा वहीं दूसरी तरफ कंपनियों के लिए भी सीटीसी के तहत अनिवार्य पीएफ लायबिलिटी सीमित होगी। ईपीएफओ के करीब 8 करोड़ एक्टिव सब्सक्राइबर्स को इस नए फ्रेमवर्क के दायरे में लाया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।