EPFO: देश के करोड़ों EPF खाताधारक इन दिनों अपने खाते में ब्याज आने का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने मार्च 2026 में फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज दर बरकरार रखने का ऐलान किया था, लेकिन नया फाइनेंशियल ईयर शुरू हुए दो महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी कई लोगों के खाते में ब्याज नहीं दिख रहा है। ऐसे में कई सदस्य यह सोचकर परेशान हैं कि कहीं देरी की वजह से उनका नुकसान तो नहीं होगा। हालांकि, एक्सपर्ट और EPFO का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है।
8.25% ब्याज दर का हुआ था ऐलान
मार्च 2026 में EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए EPF पर 8.25% सालाना ब्याज दर की सिफारिश की थी। इसके बाद सरकार की मंजूरी और अधिसूचना जारी होने के बाद यह ब्याज कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा। हालांकि ब्याज जमा करने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई थी। यही वजह है कि लाखों खाताधारक अब अपने खाते में ब्याज का इंतजार कर रहे हैं।
फाइनेंशियल ईयर खत्म होते ही EPFO ब्याज जमा नहीं करता। इसके पीछे कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं होती हैं। पहले सरकार की मंजूरी ली जाती है, फिर करोड़ों खातों का मिलान और रिकॉर्ड अपडेट किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में कई सप्ताह लग सकते हैं। पिछले कुछ सालों में भी ब्याज जून और जुलाई के दौरान खातों में जमा किया गया था। इसलिए इस बार भी ब्याज आने में थोड़ी देरी होना सामान्य माना जा रहा है।
क्या देरी से ब्याज का नुकसान होगा?
इस सवाल को लेकर सबसे ज्यादा चिंता की जा रही है। लेकिन EPFO के नियमों के अनुसार खाताधारकों को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। ब्याज की कैलकुलेशन खाते में मौजूद मासिक बैलेंस के आधार पर की जाती है। यानी भले ही ब्याज की एंट्री बाद में दिखाई दे, लेकिन पूरे साल का ब्याज दर से जोड़ा जाएगा। EPFO कई बार साफ कर चुका है कि ब्याज जमा होने में देरी का असर सदस्यों को मिलने वाली अमाउंट पर नहीं पड़ता और पूरा ब्याज उनके खाते में जमा किया जाता है।
कैसे चेक करें आपके खाते में ब्याज आया या नहीं?
EPF सदस्य अपने खाते की जानकारी कई तरीकों से देख सकते हैं। इसके लिए UMANG ऐप पर लॉगिन कर View Passbook विकल्प चुन सकते हैं। इसके अलावा EPFO की Member Passbook सेवा के जरिए भी बैलेंस और ब्याज की जानकारी देखी जा सकती है। सदस्य अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर या 7738299899 पर SMS भेजकर भी PF बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अगर पासबुक में Int. Updated up to 31/03/2026 लिखा दिखाई देता है, तो समझिए कि ब्याज अपडेट हो चुका है।
फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं
अगर आपके EPF खाते में अभी तक ब्याज नहीं दिख रहा है, तो फिलहाल चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह केवल प्रशासनिक देरी है और इससे खाताधारकों को मिलने वाले ब्याज पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सरकार की मंजूरी और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्याज की अमाउंट आपके खाते में जुड़ जाएगी। ऐसे में समय-समय पर पासबुक चेक करते रहें और किसी अफवाह पर भरोसा न करें।