Digital Gold Investment Options: भारत में हर कोई सोना खरीदना चाहता हैं। ये कल्चरल महत्व ही नहीं रखता, बल्कि अनिश्चितता और संकट के समय पोर्टफोलियो को मजबूती देने का भी एक सबसे पसंदीदा जरिया है। हालांकि, बदलते डिजिटल दौर में अब लोग फिजिकल गोल्ड यानी सिक्के या गहने की जगह पेपर गोल्ड में निवेश करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
डिजिटल या पेपर गोल्ड में निवेश करने के दो सबसे लोकप्रिय और आसान तरीके गोल्ड ईटीएफ और गोल्ड म्यूचुअल फंड हैं। हालांकि दोनों ही विकल्पों में मिलने वाला रिटर्न घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर निर्भर करता है, फिर भी इनके काम करने के तरीके, लागत और सुविधाओं में बड़ा अंतर है।
अगर आप भी गोल्ड में निवेश की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आइए आपको बताते हैं कौन सा ऑप्शन देगा बेस्ट रिटर्न।
गोल्ड ईटीएफ क्या है और यह कैसे काम करता है?
गोल्ड ईटीएफ एक तरह का फंड है जो फिजिकल सोने के होल्डिंग्स में निवेश करता है। इसके यूनिट्स को आप शेयर बाजार से बिल्कुल किसी कंपनी के शेयर की तरह खरीद और बेच सकते हैं। यह शेयर बाजार (BSE/NSE) में लिस्टेड होता है, इसलिए आप बाजार के समय में रियल-टाइम गोल्ड प्राइस देखकर इसे खरीद या बेच सकते हैं।गोल्ड ईटीएफ में निवेश करने के लिए आपके पास डीमैट अकाउंट और ट्रेडिंग अकाउंट होना अनिवार्य है।
गोल्ड म्यूचुअल फंड क्या है?
गोल्ड म्यूचुअल फंड मुख्य रूप से गोल्ड ईटीएफ में ही पैसा निवेश करते हैं। यह उन लोगों के लिए बनाया गया है जो बिना किसी झंझट के आसान तरीके से सोने में पैसा लगाना चाहते हैं। इसमें निवेश करने के लिए आपको किसी डीमैट या ट्रेडिंग अकाउंट की आवश्यकता नहीं होती। आप सीधे फंड हाउस से एकमुश्त या हर महीने छोटी-छोटी SIP के जरिए भी सोना खरीद सकते हैं।
Gold ETF बनाम Gold Mutual Fund: ये है मुख्य अंतर
गोल्ड ईटीएफ: यह एक पैसिवली मैनेज्ड फंड है, इसलिए इसका एक्सपेंस रेशियो काफी कम होता है। हालांकि, इसे खरीदते और बेचते समय आपको ब्रोकरेज फीस और डीमैट मेंटेनेंस चार्ज देना हो सकता है।
गोल्ड म्यूचुअल फंड: चूंकि यह फंड आगे चलकर ईटीएफ में निवेश करता है, इसलिए इसमें ईटीएफ के खर्च के साथ-साथ थोड़ा अतिरिक्त फंड मैनेजमेंट चार्ज भी जुड़ जाता है। इस वजह से इसका एक्सपेंस रेशियो ईटीएफ की तुलना में थोड़ा अधिक होता है।
आपके लिए कौन सा विकल्प ज्यादा बेहतर है?
गोल्ड ईटीएफ चुनें अगर: आपके पास पहले से डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट है, आप शेयर बाजार में सक्रिय हैं, और आप सोने की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का फायदा उठाकर रियल-टाइम में ट्रेडिंग करना चाहते हैं।
गोल्ड म्यूचुअल फंड चुनें अगर: आपके पास डीमैट अकाउंट नहीं है, आप शेयर बाजार की पेचीदगियों से दूर रहना चाहते हैं, और हर महीने ₹500 या ₹1,000 जैसी छोटी रकम से अनुशासित तरीके से SIP करना चाहते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।