Gold Jewellery Cost: अगर आप शादी के सीजन में सोने का हार या अंगूठी बनवाने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ गोल्ड का रेट देख लेना काफी नहीं है। असली खर्च तब सामने आता है, जब उसमें मेकिंग चार्ज और GST जुड़ता है।
Gold Jewellery Cost: अगर आप शादी के सीजन में सोने का हार या अंगूठी बनवाने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ गोल्ड का रेट देख लेना काफी नहीं है। असली खर्च तब सामने आता है, जब उसमें मेकिंग चार्ज और GST जुड़ता है।
कई बार लोग शोरूम पहुंचकर चौंक जाते हैं, क्योंकि फाइनल बिल उम्मीद से ज्यादा निकलता है। आइए मौजूदा गोल्ड रेट के हिसाब से समझते हैं कि 10 ग्राम का हार और 5 ग्राम की अंगूठी बनवाने में असल में कितना खर्च आएगा।
पहले जानिए 24 कैरेट सोने का भाव
दिल्ली में इस समय 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,53,310 प्रति 10 ग्राम है। 24 कैरेट को सबसे शुद्ध सोना माना जाता है, लेकिन आमतौर पर इससे गहने नहीं बनवाए जाते। यह सोना बहुत ज्यादा मुलायम होता है, जिससे इससे बनी ज्वेलरी आसानी से मुड़ जाती है, खरोंच पड़ जाती है या आकार बिगड़ सकता है।
हार और अंगूठी जैसी ज्वेलरी रोज पहनने में टिकाऊ रहें, इसके लिए सोने में तांबा, चांदी या अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं। इससे 22 कैरेट या 18 कैरेट गोल्ड बनता है। यही वजह है कि 24 कैरेट सोना निवेश के लिए बेहतर माना जाता है। वहीं, ज्वेलरी बनाने के लिए 22 और 18 कैरेट सोना ज्यादा इस्तेमाल होता है।

10 ग्राम का हार बनवाने में कितना खर्च आएगा
22 कैरेट में हार का पूरा खर्च : 22 कैरेट सोने का भाव ₹1,40,540 प्रति 10 ग्राम है। यानी 10 ग्राम हार की गोल्ड वैल्यू सीधे-सीधे ₹1,40,540 बैठती है। अब इसमें औसतन 12 प्रतिशत मेकिंग चार्ज जोड़ें, जो करीब ₹16,865 होता है। इस तरह हार की कीमत ₹1,57,405 हो जाती है।
अब इस रकम पर 3 प्रतिशत GST जोड़ने पर करीब ₹4,720 टैक्स देना पड़ेगा। इसका मतलब कि 22 कैरेट में 10 ग्राम का हार बनवाने का कुल अनुमानित खर्च करीब ₹1.62 लाख होगा।
18 कैरेट में हार बनवाना : 18 कैरेट सोने का भाव ₹1,15,020 प्रति 10 ग्राम है। ऐसे में 10 ग्राम हार की गोल्ड वैल्यू ₹1,15,020 होगी। 18 कैरेट में डिजाइन ज्यादा जटिल होती है। इसलिए मेकिंग चार्ज आमतौर पर थोड़ा ज्यादा रहता है। यह 15 प्रतिशत तक भी हो जाता है। यह रकम करीब ₹17,250 बनती है।
दोनों को जोड़ने पर कीमत ₹1,32,270 होती है। अब 3 प्रतिशत GST जोड़ने के बाद फाइनल खर्च करीब ₹1,36,000 बैठता है।

5 ग्राम की अंगूठी बनवाने में कितना खर्च होगा
22 कैरेट की अंगूठी : 22 कैरेट में 1 ग्राम सोने का रेट करीब ₹14,054 है। 5 ग्राम की अंगूठी की गोल्ड वैल्यू ₹70,270 बनेगी। अगर इस पर 12 प्रतिशत मेकिंग चार्ज जोड़ें, तो करीब ₹8,430 का खर्च आएगा। इस तरह सब-टोटल ₹78,700 हो जाता है।
अब 3 प्रतिशत GST जोड़ने पर टैक्स करीब ₹2,360 बनेगा। इसका मतलब कि 22 कैरेट में 5 ग्राम की अंगूठी बनवाने का कुल खर्च करीब ₹81,000 आएगा।
18 कैरेट की अंगूठी : 18 कैरेट में 1 ग्राम सोने की कीमत करीब ₹11,502 है। 5 ग्राम की अंगूठी की गोल्ड वैल्यू ₹57,510 होगी। 15 प्रतिशत मेकिंग चार्ज जोड़ने पर करीब ₹8,630 का खर्च आएगा।
इस तरह सब-टोटल ₹66,140 बैठता है। अब इस पर 3 प्रतिशत GST जोड़ने के बाद फाइनल खर्च करीब ₹68,000 हो जाता है।

मेकिंग चार्ज और GST क्यों बढ़ा देते हैं बिल
ज्वेलरी का फाइनल बिल सिर्फ सोने की कीमत से नहीं बनता। इसमें मेकिंग चार्ज जुड़ता है, जो गहना बनाने की मेहनत और डिजाइन पर निर्भर करता है। डिजाइन जितना जटिल होगा, मेकिंग चार्ज उतना ज्यादा लगेगा, चाहे वह प्रतिशत में हो या प्रति ग्राम।
इसके बाद पूरे अमाउंट पर 3% GST लगता है, और यह सोने की कीमत के साथ-साथ मेकिंग चार्ज पर भी लागू होता है। इसी वजह से बिल कई बार अनुमान से ज्यादा बढ़ जाता है।
गहना बनवाते समय किन बातों का रखें ध्यान
गहना बनवाते समय सबसे पहले सोने की शुद्धता और कैरेट तय करें और हॉलमार्क जरूर जांचें, ताकि सोने की क्वालिटी पर कोई शक न रहे। साथ ही ग्रॉस और नेट वजन साफ-साफ लिखित में लें, जिससे यह पता रहे कि सोने के अलावा स्टोन या अन्य चीजों का वजन कितना है।
दूसरी अहम बात है मेकिंग चार्ज और टैक्स। पहले ही स्पष्ट कर लें कि मेकिंग चार्ज ग्राम के हिसाब से लगेगा या फ्लैट रेट पर, और उस पर कितना GST जुड़ेगा। बिल जरूर लें, जिसमें गोल्ड रेट, कैरेट, मेकिंग चार्ज और टैक्स अलग-अलग दर्ज हों।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।