Gold Price: सोने में जोरदार रिकवरी, MCX पर 3% उछलकर ₹1.25 लाख के पार पहुंचा

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 3,173 रुपये की तेजी के साथ 1,25,445 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। गुरुवार को यह कॉन्ट्रैक्ट 1,22,272 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 5:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विदेशी बाजार में भी सोने की कीमतों में तेज रिकवरी आई।

सोने की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी की, जिसका पॉजिटिव असर कीमतों पर पड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का असर भी भारत में गोल्ड की कीमतों पर पड़ा। इससे गोल्ड फ्यूचर्स करीब 3 फीसदी उछल गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 3,173 रुपये की तेजी के साथ 1,25,445 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

गुरुवार को 1,22,272 रुपये था दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट

गुरुवार को यह कॉन्ट्रैक्ट 1,22,272 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसी तरह फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव भी 3,480 रुपये यानी करीब 3 फीसदी बढ़कर 1,28,049 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 1,24,569 रुपये था।


निचले स्तरों पर अच्छी खरीदारी से लौटी तेजी

स्काई लिंक्स कैपिटल ग्रुप के को-फाउंडर और CEO डैनियल तकिएद्दीन के मुताबिक, पिछले सत्र में गिरावट के बाद शुक्रवार को MCX पर सोने की कीमतों में मजबूत रिकवरी हुई। निचले स्तरों पर खरीदारों की वापसी से वायदा भाव को सहारा मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी 4% उछला सोना

विदेशी बाजार में भी सोने की कीमतों में तेज रिकवरी आई। न्यूयॉर्क में कॉमेक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 140.30 डॉलर यानी करीब 4 फीसदी बढ़कर 3,704.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। ऑगमोंट की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनिशा चेनानी ने कहा कि विदेशी बाजार में सोने की कीमतें इस सप्ताह की शुरुआत में एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को तेजी से उबरीं।

यह भी पढ़ें: Gold Buying Tips: सोना खरीदते समय जरूर चेक करें ये 3 चीजें, IBJA ने फ्रॉड से बचने के लिए ग्राहकों को दी सलाह

उनके मुताबिक, अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के कारण बाजार में कारोबार सुस्त है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी बाजार की चिंताएं कुछ कम हुई हैं। इससे सोने पर बिकवाली का दबाव घटा है। भारी गिरावट के बाद मौजूदा स्तरों पर सोना निवेशकों के लिए अपेक्षाकृत आकर्षक हो गया है।

अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले पर नजर

निकट भविष्य में सोने की चाल काफी हद तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख पर निर्भर करेगी। बाजार दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की पूरी संभावना मानकर चल रहा है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। अगले सप्ताह अमेरिका के ISM मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज सर्वे के आंकड़े तथा नवंबर के रोजगार आंकड़े जारी होंगे। इनसे फेडरल रिजर्व की 8-9 दिसंबर को होने वाली बैठक से पहले बाजार को ब्याज दरों के बारे में नए संकेत मिल सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।