Gold Price Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये गिरकर 99,370 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जो सोमवार को 99,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 200 रुपये टूटकर 98,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मध्य प्रदेश के इंदौर जैसे प्रमुख बाजारों में बिकवाली के दबाव और वैश्विक संकेतों के चलते सोने और चांदी की कीमतें लुढ़क गईं।
चांदी 3,000 रुपये टूटी, रिकॉर्ड स्तर से फिसली
सोमवार को रिकॉर्ड 1,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंची चांदी मंगलवार को 3,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। तेज़ी के बाद निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली इसका मुख्य कारण रही।
इंदौर में सोना और चांदी की कीमतों में भी गिरावट
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इंदौर के सर्राफा बाजार में सोना मंगलवार को 400 रुपये टूटकर 98,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी की कीमत में 800 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,11,500 रुपये प्रति किलोग्राम रही। चांदी के सिक्के का भाव भी 1,200 रुपये प्रति नग रहा।
बाजार में उतार-चढ़ाव और डॉलर की मजबूती का असर
मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष (जिंस) राहुल कलंत्री ने बताया कि दिनभर सोने-चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। शुरुआती तेज़ी के बाद अमेरिकी डॉलर सूचकांक में मजबूती आने से कीमती धातुएं फिसल गईं। निवेशक अमेरिकी मुद्रास्फीति आंकड़ों से पहले सतर्कता बरत रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मिला मिला-जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 0.62 प्रतिशत यानी 20.62 डॉलर बढ़कर 3,364.14 डॉलर प्रति औंस हो गया। हालांकि, अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने बताया कि ट्रंप द्वारा शुल्क बढ़ाने के फैसले से सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी है, लेकिन संभावित बातचीत की उम्मीदों ने बड़ी तेजी को रोक दिया।