Gold Rate Today: सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। भारत में सोना अब करीब 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 4,000 डॉलर प्रति औंस को पार कर चुकी है। इस साल अब तक सोने में करीब 54% की तेजी आ चुकी है। ये तेजी साल 1979 के बाद आई सबसे बड़ी बढ़त मानी जा रही है।
क्यों आ रही है सोने में तेजी?
सोने में तेजी के पीछे कई कारण हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीद, कमजोर डॉलर, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों के बड़े पैमाने पर सोने की खरीदारी।
क्यों लगातार बढ़ रहा है सोना?
एक्सपर्ट के अनुसार बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव (geopolitical tensions) और आर्थिक अस्थिरता के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश साधनों की ओर रुख कर रहे हैं। अमेरिका में सरकारी शटडाउन, महंगाई का दबाव और डॉलर की कमजोरी ने सोने को और मजबूत किया है।
आईएमएफ की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने हाल ही में कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था एक कठिन दौर से गुजर रही है। वहीं, कई देशों के केंद्रीय बैंक भी लगातार सोने की खरीद बढ़ा रहे हैं। रूस पर लगे पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बाद कई देशों ने सोने को अपनी फॉरेन एसेट्स का सेफ विकल्प मानना शुरू किया है।
वीटी मार्केट्स के ग्लोबल स्ट्रेटेजी के हेड रॉस मैक्सवेल का कहना है कि सोने की मौजूदा तेजी कुछ समय के लिए स्थिर रह सकती है, लेकिन $4,000 प्रति औंस का स्तर एक मनोवैज्ञानिक रुकावट बन सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर डॉलर मजबूत हुआ या ब्याज दरों में फिर से बढ़ोतरी हुई तो सोने में 5-10% तक की गिरावट भी देखी जा सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व नरम रुख अपनाता है या भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है, तो सोने की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।
क्या सोने में किया जा सकता है निवेश?
एक्सपर्ट मानते हैं कि अब भी सोने में निवेश किया जा सकता है, लेकिन धीरे-धीरे और सोच-समझकर। मैक्सवेल का कहना है कि डिजिटल गोल्ड अकाउंट्स और ईटीएफ (Exchange Traded Funds) कम लागत और आसान लिक्विडिटी के साथ निवेश के बेहतर विकल्प हैं। वहीं, अनुभवी निवेशक फ्यूचर्स, ऑप्शंस या गोल्ड माइनिंग शेयरों में निवेश कर सकते हैं, लेकिन अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।
मास्टर ट्रस्ट ग्रुप के डायरेक्टर जशन अरोड़ा के अनुसार आज गोल्ड निवेश केवल गहनों या सिक्कों तक सीमित नहीं है। अब गोल्ड म्यूचुअल फंड्स, ई-गोल्ड और ईटीएफ जैसे आधुनिक विकल्पों से लोग कम पूंजी में सुरक्षित निवेश कर सकते हैं। किसी भी निवेश पोर्टफोलियो में 10-15% हिस्सा गोल्ड या सिल्वर में रखना चाहिए।
आगे कहां जा सकता है गोल्ड
गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान लगाया है कि अगले साल के अंत तक सोना $4,900 प्रति औंस तक जा सकता है। बैंक का कहना है कि केंद्रीय बैंकों की खरीद, रिटेल, डिमांड और ब्याज दरों में संभावित कटौती सोने की कीमतों को और ऊपर ले जा सकती हैं।