Gold Silver Prices: ₹18000 बढ़ा चांदी का भाव, सोने ने भी लगाई ₹9000 की छलांग; अब खरीदें, बेचें या होल्ड करें?

Gold Silver Prices: सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में रिकॉर्ड तेजी आई है। चांदी 18,000 रुपये से ज्यादा और सोना करीब 9,000 रुपये उछला। एक्सपर्ट्स का मानना है कि बाजार अब नई प्राइसिंग और निवेश रणनीति की तरफ बढ़ रहा है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 13, 2026 पर 7:06 PM
Story continues below Advertisement
Bonanza Portfolio के बालाजी राव मुदिली ने कहा कि ड्यूटी बढ़ने से लोग हल्की और कम कैरेट वाली जूलरी चुन सकते हैं।

Gold Silver Prices: सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में कीमतों में तेज उछाल आया है। सरकार ने सोने और चांदी पर ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी है। इसका मकसद इंपोर्ट कम करना और बढ़ते करंट अकाउंट डेफिसिट पर दबाव घटाना है। हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह किसी नए निवेश ट्रेंड की शुरुआत नहीं, बल्कि घरेलू बुलियन मार्केट की री-प्राइसिंग है।

कितना बढ़ा सोने-चांदी का दाम

सरकार के सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद बुधवार (13 मई) को घरेलू बुलियन बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। MCX पर चांदी करीब 7% यानी 18,500 से ज्यादा बढ़कर 2.97 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई। वहीं, सोना भी लगभग 6% यानी 9 हजार रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।


इस तेजी के पीछे इंपोर्ट लागत बढ़ना बड़ी वजह रही। वहीं, अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता और पश्चिम एशिया में बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण ग्लोबल बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतें मजबूत बनी हुई हैं।

जूलरी की मांग पर दबाव बढ़ने का अनुमान

RiddiSiddhi Bullions Limited के मैनेजिंग डायरेक्टर पृथ्वीराज कोठारी ने कहा कि ज्यादा ड्यूटी का असर ज्वेलरी की मांग और ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों पर पड़ सकता है। उनका कहना है कि अगर कीमतें और बढ़ीं, तो गोल्ड कॉइन और ETF की मांग भी कमजोर पड़ सकती है। साथ ही, स्मगलिंग बढ़ने का खतरा भी फिर से पैदा हो सकता है।

अब किस ओर जाएगी कीमत

LKP Securities में कमोडिटी और करेंसी के VP रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी का कहना है कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। MCX Gold करीब 9,000 रुपये यानी 5.87% चढ़कर 1,62,450 रुपये तक पहुंच गया, जबकि COMEX Gold 4,700 डॉलर के नीचे लगभग स्थिर बना रहा। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में आई यह तेज तेजी बुलियन पर बढ़ी हुई इंपोर्ट लागत का सीधा असर है।

जतीन त्रिवेदी के मुताबिक, अब बाजार की नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा पर रहेगी। इस दौरान ट्रेड टैरिफ और ईरान संघर्ष से जुड़े मुद्दों पर अहम संकेत मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि टेक्निकल स्तर पर COMEX Gold को 4,650 डॉलर के पास मजबूत सपोर्ट मिल रहा है। इससे निचले स्तरों पर बाजार का सेंटीमेंट अभी भी मजबूत बना हुआ है।

लोग बदल सकते हैं निवेश का तरीका

Aikyam Capital Group के विशाल त्रेहन ने कहा कि भारत का ट्रेड डेफिसिट कच्चे तेल और सोने के इंपोर्ट से काफी प्रभावित होता है। उनके मुताबिक, ड्यूटी बढ़ाने का मकसद गैर-जरूरी इंपोर्ट घटाना है। उन्होंने कहा कि लोग अब म्यूचुअल फंड, बॉन्ड और इक्विटी जैसे फाइनेंशियल एसेट्स की तरफ ज्यादा रुख कर सकते हैं।

Kotak Securities के अनिंद्य बनर्जी ने कहा कि घरेलू सोने की कीमतें अब ग्लोबल ट्रेंड, डॉलर-रुपया मूवमेंट और इंपोर्ट लागत से तय हो रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबी अवधि में सेंट्रल बैंक की खरीदारी और करेंसी हेजिंग जैसे फैक्टर्स सोने को सपोर्ट करते रहेंगे।

हल्की ज्वेलरी की तरफ बढ़ेंगे ग्राहक

Bonanza Portfolio के बालाजी राव मुदिली ने कहा कि पहले से ऊंची कीमतों के बीच ड्यूटी बढ़ने से लोग हल्की और कम कैरेट वाली जूलरी चुन सकते हैं। कई ग्राहक पुराने सोने को एक्सचेंज कर नई जूलरी लेना पसंद कर सकते हैं।

Artha Bharat Investment Managers के सचिन सावरिकर ने कहा कि भारत में सोने की मांग केवल निवेश नहीं, बल्कि संस्कृति और बचत की आदत से भी जुड़ी है। इसलिए केवल इंपोर्ट रोकने से समाधान नहीं निकलेगा।

गोल्ड पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ी, अब रिसाइकल सोना खरीदने में ज्यादा फायदा; समझ लीजिए पूरा हिसाब

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।