Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 29 सितंबर को सोने की कीमतें गिरकर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गई। बीते दो महीने में पहली बार ऐसा हुआ। इसकी वजह लोकल बाजार में कमजोर मांग और डॉलर में मजबूती है। चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
31 जुलाई के बाद पहली बार सोना 1.5 लाख से नीचे
दिल्ली में सोना 1,400 रुपये गिरकर 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले 31 जुलाई को सोने का भाव 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे था। तब सोने का भाव 1,48,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी का भाव बगैर किसी बदलाव के 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रहा। हालांकि, 28 सितंबर को चांदी में 5,000 रुपये की गिरावट आई थी।
सितंबर में ग्लोबल प्रेशर की वजह से सोने में तेज गिरावट
चॉइस ब्रोकिंग की एनालिस्ट पिंकी यादव ने कहा, "सितंबर में सोने में तेज गिरावट आई है। ग्लोबल प्रेशर की वजह से यह गिरकर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।" हालांकि, 29 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में हल्की मजबूती दिखी। लेकिन, इससे पहले के सत्र में सोना 4 फीसदी गिरा था।
क्रूड की कीमतें लगातार ऊंची बने रहने से महंगाई बढ़ने का डर
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच टकराव कम होने के संकेत नहीं दिख रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिड-टर्म इलेक्शंस के बाद ईरान पर बड़े हमले की धमकी दी है। इस वजह से क्रूड ऑयल की कीमतें हाई लेवल पर बनी हुई है। क्रूड के हाई लेवल पर बने रहने से महंगाई बढ़ने का डर है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक के चेयरमैन केविन वॉर्श कह चुके हैं कि उनका फोकस फिलहाल महंगाई को काबू में करने पर होगा।
अमेरिका में एक बार फिर बढ़ सकता है इंटरेस्ट रेट
माना जा रहा है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व अगले महीने के आखिर में इंटरेस्ट रेट एक बार फिर बढ़ा सकता है। इंटरेस्ट रेट बढ़ने पर सोने की चमक घटती है। इधर, डॉलर में मजबूती जारी है। इन दोनों वजहों से सोने पर दबाव बना रह सकता है। डॉलर के मजबूत होने से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ता है।