Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 सितंबर को लगातार चौथे दिन गिरावट आई। यह 1,600 रुपये गिरकर 1,52,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। चांदी में भी बड़ी गिरावट आई। यह 5,000 रुपये गिरकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। सोने और चांदी की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों का असर पड़ा।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल का असर
एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने का असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा। ब्रेंट क्रूड का प्राइस एक बार फिर 105 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है। इसका मतलब है कि महंगाई बढ़ने का डर अब पहले से ज्यादा है।
डॉलर के मुकाबले रुपये में भी गिरावट
ट्रेडर्स का कहना है कि चांदी में बड़ी गिरावट देखने को मिली, जिसकी वजह मुनाफावसूली हो सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये में भी गिरावट देखने को मिली। यह गिरकर 95.96 के लेवल पर आ गया। डॉलर में मजबूती से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी में गिरावट
गोल्ड फ्यूचर्स और सिल्वर फ्यूचर्स में भी गिरावट देखने को मिली। कमोडिटी एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 0.55 फीसदी गिरकर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था। सिल्वर फ्यूचर्स 1.16 फीसदी गिरकर 2.33 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर चल रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव देखने को मिला।
शेयर बाजारों में भी बड़ी गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.41 फीसदी गिरकर 4,269 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। चांदी 1.46 फीसदी गिरकर 63.48 डॉलर प्रति औंस थी। शेयर बाजारों में भी 8 जुलाई के बाद सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। छोटे-बड़े शेयरों के सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी शेयर बाजारों में भी कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई।
क्रूड में उछाल से महंगाई बढ़ने का डर
अगर क्रूड की कीमतें हाई लेवल पर बनी रहती है तो अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व अक्तूबर की पॉलिसी में एक बार फिर इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है। अगले महीने के आखिर में फेड की बैठक होने वाली है। अगर वह इंटरेस्ट रेट बढ़ाता है तो इसका सोने की कीमतों पर निगेटिव असर पड़ेगा।