Gold Silver Prices Today: दिल्ली में धनतेरस पर सोना ₹2,500 गिरा, चांदी ₹2,000 सस्ती हुई

शुक्रवार को 24 कैरेट यानी 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,500 रुपये गिरकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें सभी टैक्स शामिल हैं। गुरुवार को सोना 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 7:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी शुक्रवार को सोने की कीमतों में कमजोरी रही।

धनतेरस के दिन दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। शुक्रवार को 24 कैरेट यानी 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,500 रुपये गिरकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें सभी टैक्स शामिल हैं। गुरुवार को सोना 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये घटकर 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदने की परंपरा

धनतेरस को हिंदू कैलेंडर में खरीदारी के लिए बेहद शुभ दिन माना जाता है। यह त्योहार मां लक्ष्मी, भगवान कुबेर और भगवान धन्वंतरि से जुड़ा है। इस मौके पर सोना और चांदी खरीदने की परंपरा रही है। लोग गोल्ड कॉइन, गोल्ड ज्वेलरी, सिल्वर कॉइन खरीदते हैं। कारोबारियों के मुताबिक, कई ज्वेलर्स ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार बिक्री में ज्यादा उछाल नहीं दिखा।


पिछले साल धनतेरस के मुकाबले सोना महंगा 

आज आई गिरावट के बावजूद सोना पिछले साल के धनतेरस के मुकाबले काफी महंगा है। 18 अक्टूबर 2025 को धनतेरस के दिन सोने का भाव 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, चांदी 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। सोने और चांदी की ऊंची कीमतों का असर धनतेरस पर खरीदारी पर दिख रही है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, भारत में सितंबर तिमाही के दौरान सोने की ज्वेलरी की मांग वॉल्यूम के लिहाज से सालाना आधार पर 20 फीसदी घट गई। हालांकि, कीमतों में तेजी के कारण वैल्यू के लिहाज से मांग 16 फीसदी बढ़ी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने में आई गिरावट 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी शुक्रवार को सोने की कीमतों में कमजोरी रही। स्पॉट गोल्ड 20.41 डॉलर यानी 0.5 फीसदी गिरकर 4,068.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी मामूली तेजी के साथ 52 डॉलर प्रति औंस पर रही। इससे पहले लगातार दो सत्रों में सोने और चांदी में जोरदार तेजी दिखी थी।

यह भी पढ़ें: Dhanteras या दिवाली पर पत्नी के नाम से खरीद रहे हैं सोना? पहले टैक्स के नियमों को जान लें फिर खरीदें

ब्रेंट क्रूड का भाव फिर से 100 डॉलर के करीब

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी पर दबाव की वजह क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल हो सकती है। 4 नवंबर को क्रूड में बड़ी गिरावट दिखी थी। ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। इसका पॉजिटिव असर सोने की कीमतों पर दिखा था। 6 नवंबर को ब्रेंट क्रूड फिर से उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।