Gold Silver Prices Today: दिल्ली में चांदी एक दिन में ₹8300 फिसली, 11 महीने के निचले स्तर पर आई

दिल्ली सर्राफा बाजार में 30 अक्टूबर को चांदी 8,300 रुपये गिरकर 1,90,200 रुपये किलोग्राम पर आ गई। यह चांदी का 11 महीने का सबसे निचला स्तर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में गिरावट का असर इसकी घरेलू कीमतों पर पड़ा

अपडेटेड Oct 30, 2026 पर 7:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली में सोने में भी गिरावट आई। यह 1,300 रुपये गिरकर 1,45,200 रुपये 10 ग्राम पर आ गया।

दिल्ली सर्राफा बाजार में 30 अक्तूबर को चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। यह एक दिन में 8,300 रुपये गिरकर 1,90,200 रुपये किलोग्राम पर आ गई। यह चांदी का 11 महीने का सबसे निचला स्तर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में गिरावट का असर इसकी घरेलू कीमतों पर पड़ा।

सोने में भी दिल्ली सर्राफा बाजार में बड़ी गिरावट 

दिल्ली में सोने में भी गिरावट आई। यह 1,300 रुपये गिरकर 1,45,200 रुपये 10 ग्राम पर आ गया। गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी में तेजी आई थी। चांदी की कीमत इस स्तर पर 10 दिसंबर, 2025 को थी। तब कीमत 1.92 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस साल की शुरुआत में चांदी की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थी। उसके बाद सोने और चांदी दोनों में बड़ी गिरावट आई थी। फरवरी के अंत में अमेरिकी और ईरान की लड़ाई शुरू होने के बाद बुलियन पर दबाव और बढ़ गया।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4000 डॉलर से नीचे

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड गिरकर आज 4,000 डॉलर के नीचे चला गया। चांदी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। भारतीय समय के मुताबिक, शाम में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2.40 फीसदी गिरकर 3,924 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। चांदी 4.85 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ 49.61 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी।

क्रूड ऑयल की कीमतों में भी उछाल

क्रूड की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला। ब्रेंट क्रूड 2.34 फीसदी चढ़कर 113.39 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। डब्ल्यूटीआई क्रूड 2 फीसदी चढ़कर 104 डॉलर प्रति बैरल चल रहा था। क्रूड की कीमतें खासकर ब्रेंट क्रूड पिछले कई हफ्तों से लगातार 100 डॉलर के ऊपर बना हुआ है। इससे दुनियाभर में महंगाई बढ़ रही है। इसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Groww से टेस्ला, एनवीडिया, एमेजन जैसी यूएस कंपनियों में कर सकते हैं इनवेस्ट, जानिए इसके नियम और शर्तें

केंद्रीय बैंक बढ़ सकते हैं इंटरेस्ट 

महंगाई को बढ़ने से रोकने के लिए दुनियाभर के केंद्रीय बैंक इंटरेस्ट रेट बढ़ाना शुरू करेंगे। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने सितंबर में इंटरेस्ट रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था। हालांकि, उसने अक्तूबर की पॉलिसी में इंटरेस्ट रेट में बदलाव नहीं किया। लेकिन, एक्सपर्ट्स का कहना है कि वह दिसंबर की पॉलिसी में इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है। भारत में भी आरबीआई ने अक्तूबर की शुरुआत में इंटरेस्ट रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था। इंटरेस्ट रेट्स बढने के माहौल में सोने की चमक फीकी पड़ जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।