अमेरिका-ईरान सीजफायर से सोने-चांदी में तेजी, अब खरीदें, बेचें या होल्ड करें? जानिए एक्सपर्ट से

Gold Price Today: अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद सोना-चांदी में तेज उछाल आया है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह राहत भरी तेजी है और आगे उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को खरीद, बेच या होल्ड का फैसला सोच-समझकर करना चाहिए। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 7:53 PM
Story continues below Advertisement
गोल्ड करीब 2,900 रुपये बढ़कर 1,53,000 रुपये के स्तर पर पहुंचा।

Gold Price Today: 8 अप्रैल को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। इसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम रहा, जिससे बाजार में एक तरफ राहत आई और दूसरी तरफ सेफ-हेवन खरीदारी भी बढ़ गई।

स्पॉट गोल्ड करीब तीन हफ्ते के हाई लेवल 4,819 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया और 2.5% से ज्यादा चढ़ा। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 3% से ज्यादा की तेजी रही। चांदी ने और भी मजबूत प्रदर्शन किया और करीब 6% उछलकर 77 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गई।

यह तेजी तब आई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमलों को दो हफ्तों के लिए रोकने का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को ईरान की तरफ से बातचीत के लिए 'काम करने लायक' प्रस्ताव मिला है।


डॉलर की कमजोरी ने भी दिया सपोर्ट

Geojit Investments के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी के मुताबिक, जियोपॉलिटिकल तनाव में कमी और डॉलर की कमजोरी ने सोने-चांदी की कीमतों को सहारा दिया। डॉलर इंडेक्स 99 से नीचे आने से तेजी और मजबूत हुई।

Augmont की रिसर्च हेड रेनिशा चेनानी का कहना है कि यह तेजी सिर्फ राहत की वजह से नहीं, बल्कि निवेशकों की रणनीतिक खरीदारी का भी नतीजा है। ट्रंप के ऐलान और ईरान द्वारा Strait of Hormuz को खोलने की सहमति को बाजार ने तनाव कम होने के संकेत के रूप में देखा। यह रास्ता भारत, चीन और साउथ कोरिया जैसे बड़े तेल आयातक देशों के लिए बेहद अहम है, इसलिए इसका खुलना बाजार के लिए बड़ी खबर माना गया।

गोल्ड-सिल्वर पर एक्सपर्ट की राय

LKP Securities के वीपी रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, सोने की कीमतों में हालिया तेजी वैश्विक संकेतों से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि गोल्ड करीब 2,900 रुपये बढ़कर 1,53,000 रुपये के स्तर पर पहुंचा। इसका मुख्य कारण COMEX में सोने की कीमतों का 4,800 डॉलर के आसपास मजबूत होना रहा। हालांकि, रुपये की मजबूती के कारण MCX में तेजी कुछ हद तक सीमित रही।

त्रिवेदी के मुताबिक, यह तेजी अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बाद बाजार में राहत की रैली का नतीजा है। कच्चे तेल की कीमतों में करीब 15% की गिरावट ने भी जोखिम वाले एसेट्स को सपोर्ट दिया है।

गोल्ड के लिए अहम सपोर्ट-रेजिस्टेंस

त्रिवेदी ने चेतावनी दी कि यह तेजी फिलहाल राहत भरी तेजी और शॉर्ट कवरिंग का असर ज्यादा है। युद्धविराम कितना टिकेगा और सप्लाई रूट्स पूरी तरह खुलेंगे या नहीं, इसे लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।

टेक्निकल स्तर पर उन्होंने बताया कि सोने के लिए 1,55,500 रुपये के आसपास रेजिस्टेंस है। वहीं, 1,49,000 रुपये के करीब मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है। उनका मानना है कि आने वाले समय में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इसकी दिशा जियोपॉलिटिकल हालात और मैक्रो संकेत तय करेंगे।

Gold-Silver Price: MCX पर सोना 2% उछला, चांदी भी हुई 5% महंगी; अब आगे कैसी रहेगी चाल?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।