सरकार ने सोने और चांदी के बेस इंपोर्ट प्राइस में कटौती कर दी है। Informist की रिपोर्ट के मुताबिक, चांदी के इंपोर्ट प्राइस में करीब 14% की कटौती हुई है। वहीं, सोना मंगाना लगभग 7.6% सस्ता हुआ है। इससे ज्वेलरी कंपनियों की लागत घटेगी।
सरकार ने सोने और चांदी के बेस इंपोर्ट प्राइस में कटौती कर दी है। Informist की रिपोर्ट के मुताबिक, चांदी के इंपोर्ट प्राइस में करीब 14% की कटौती हुई है। वहीं, सोना मंगाना लगभग 7.6% सस्ता हुआ है। इससे ज्वेलरी कंपनियों की लागत घटेगी।
लेकिन, सबसे अहम सवाल है कि क्या आम ग्राहकों के लिए भी सोना और चांदी सस्ता होगा। आइए इसके जवाब को समझते हैं।
बेस इंपोर्ट प्राइस घटने का मतलब क्या है?
सरकार जो बेस इंपोर्ट प्राइस तय करती है, उसी के आधार पर कस्टम ड्यूटी और टैक्स का हिसाब लगाया जाता है। जब यह कीमत कम होती है, तो ज्वेलर्स को सोना-चांदी आयात करने में कम खर्च आता है। यानी उनकी खरीद लागत घट जाती है।
इसका सीधा फायदा ज्वेलरी कंपनियों को होता है। उनकी इन्वेंटरी सस्ती पड़ती है और मार्जिन बेहतर हो सकते हैं। यही वजह है कि इस फैसले के बाद ज्वेलरी स्टॉक्स में तेजी देखने को मिली।
लेकिन बाजार में दाम क्यों तुरंत नहीं गिरते
यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब इंपोर्ट सस्ता हो गया, तो क्या ग्राहकों को भी तुरंत सस्ता सोना मिलेगा? जवाब है- जरूरी नहीं।
भारत में सोने और चांदी के दाम मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार से तय होते हैं। अगर ग्लोबल मार्केट में कीमतें ऊंची हैं, तो घरेलू बाजार में सिर्फ इंपोर्ट प्राइस घटने से बड़ा फर्क नहीं पड़ता।
इसके अलावा रुपया भी एक अहम फैक्टर है। अगर डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर है, तो इंपोर्ट सस्ता होने का फायदा काफी हद तक खत्म हो जाता है।
डिमांड-जियोपॉलिटिक्स का असर
सोने-चांदी की कीमतों पर डिमांड का भी बड़ा असर होता है। शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन में मांग बढ़ती है, जिससे कीमतें नीचे आने की बजाय स्थिर या ऊपर भी जा सकती हैं।
वहीं, पश्चिम एशिया में चल रहा तनाव भी बड़ा फैक्टर है। ऐसे समय में सोने की कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।
तो ग्राहकों को फायदा कहां दिखेगा
सरकार के इस फैसले का असली फायदा ज्वेलर्स और ज्वेलरी कंपनियों को मिलेगा। उनकी लागत कम होगी, जिससे वे बेहतर मार्जिन कमा सकते हैं या कुछ हद तक कीमतों में राहत देकर बिक्री बढ़ा सकते हैं।
ग्राहकों के लिए इसका असर धीरे-धीरे दिख सकता है। जैसे कि ऑफर्स, मेकिंग चार्ज में राहत या हल्की कीमतों में नरमी के रूप में।
राहत मिलेगी, लेकिन सीमित
कुल मिलाकर, यह फैसला सोने-चांदी के दाम तुरंत गिराने वाला नहीं है। हां, इससे कीमतों पर दबाव कम हो सकता है और आगे चलकर हल्की राहत मिल सकती है।
अगर ग्लोबल कीमतें स्थिर रहती हैं और रुपया मजबूत होता है, तब जाकर इसका पूरा फायदा ग्राहकों तक पहुंच सकता है। फिलहाल इसे 'सपोर्टिव कदम' समझना ज्यादा सही होगा, न कि 'कीमत गिराने वाला फैसला।'
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।