Jewellery gift in wedding: शादी में कितने कैरेट और वजन की ज्वेलरी करें गिफ्ट? यहां समझिए पूरा हिसाब
Jewellery gift in wedding: शादी में ज्वेलरी गिफ्ट करते समय सबसे बड़ी उलझन होती है कि कितने कैरेट और कितना वजन दिया जाए। जानिए गिफ्ट के लिए पारंपरिक और सुरक्षित विकल्प के साथ बजट-फ्रेंडली ऑप्शन।
22 कैरेट सोना भारतीय शादी-बाजार में सबसे लोकप्रिय है।
Jewellery gift in wedding: भारत में शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। ऐसे में ज्वेलरी गिफ्ट देना एक खूबसूरत परंपरा माना जाता है। क्योंकि यह भावनाओं के साथ-साथ एक तरह का निवेश भी होता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि शादी में गिफ्ट के तौर पर कितने कैरेट और वजन की ज्वेलरी देना सही है।
24 कैरेट: सबसे शुद्ध, पर सही विकल्प नहीं
24 कैरेट सोना पूरी तरह शुद्ध होता है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी कमी यह है कि यह बहुत नरम होता है। इसी वजह से 24 कैरेट सोने की ज्वेलरी बनती तो है, लेकिन ज्यादा मजबूत नहीं होती और जल्दी टेढ़ी हो सकती है।
इसलिए शादी में 24 कैरेट का कॉइन देना तो सही माना जाता है, लेकिन ज्वेलरी गिफ्ट के लिए यह सही विकल्प नहीं होता।
22 कैरेट: शादी में सबसे बेहतर गिफ्ट
22 कैरेट सोना भारतीय शादी-बाजार में सबसे लोकप्रिय है। इसका रंग चमकदार रहता है और इसमें मजबूती व लचीलापन दोनों संतुलित होते हैं। इसी वजह से लंबे समय तक चलने वाली ज्वेलरी जैसे चेन, ब्रेसलेट, झुमके और छोटे सेट 22 कैरेट में ज्यादा बनाए जाते हैं।
अगर गिफ्ट किसी करीबी को देना हो, तो 22 कैरेट ज्वेलरी को सबसे सम्मानजनक और पारंपरिक विकल्प माना जाता है। जैसे कि जैसे बहन, भतीजी या बहू।
18 कैरेट: मॉडर्न डिजाइन और डायमंड ज्वेलरी के लिए
आजकल युवाओं की पसंद बदल चुकी है। वे हल्की, स्टाइलिश और रोज पहनने लायक ज्वेलरी पसंद करते हैं। ऐसे में 18 कैरेट सोना बेहतरीन रहता है। इसमें सोने की मात्रा थोड़ी कम होने से ज्वेलरी ज्यादा मजबूत होती है और डायमंड सेटिंग भी इससे बेहतर टिकती है।
अगर आप दुल्हन या दूल्हे को कोई मॉडर्न और रोजमर्रा इस्तेमाल की चीज गिफ्ट करना चाहते हैं, तो 18 कैरेट सही विकल्प है। जैसे कि डायमंड स्टड्स, पेंडेंट या ब्रेसलेट।
14 कैरेट: स्टाइलिश और बजट-फ्रेंडली
14 कैरेट सोना उन लोगों के बीच लोकप्रिय है जो स्टाइलिश लेकिन बजट-फ्रेंडली ज्वेलरी ढूंढते हैं। यह मजबूत भी होता है और मॉडर्न डिजाइन में इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है।
रोज गोल्ड ज्वेलरी, चार्म ब्रेसलेट, छोटी रिंग्स या पेंडेंट जैसे गिफ्ट 14 कैरेट में बेहद खूबसूरत और किफायती रहते हैं। 9 कैरेट की ज्वेलरी भी आजकल खूब चलन में है। लेकिन, इसे शादी-विवाह में गिफ्ट के तौर पर देना सही नहीं रहता।
किस रिश्ते में क्या गिफ्ट सही माना जाता है?
दुल्हन को दिए जाने वाले गिफ्ट में 22 कैरेट का सेट या 18 कैरेट का डायमंड पेंडेंट सबसे अच्छे विकल्प माने जाते हैं। दूल्हे के लिए 22 कैरेट की चेन, 18 कैरेट ब्रेसलेट या कफलिंक्स अच्छा विकल्प होता है।
करीबी रिश्तेदारों के लिए 22 कैरेट झुमके, टॉप्स या चेन सही रहते हैं। वहीं, दोस्तों या दूर के रिश्तेदारों को 14 कैरेट पेंडेंट या 22 कैरेट का छोटा गोल्ड कॉइन दिया जा सकता है।
कितने वजन की ज्वेलरी देनी चाहिए?
भारतीय शादियों में गिफ्ट ज्वेलरी का वजन रिश्ते और परिवार की परंपरा पर निर्भर करता है।
1 से 4 ग्राम - पेंडेंट, छोटे ईयररिंग्स
4 से 8 ग्राम - चेन, हल्के ब्रेसलेट
8 से 15 ग्राम - छोटे सेट
20 ग्राम से ज्यादा - भारी सेट या कलाई की ज्वेलरी
अधिकतर परिवारों में छोटी लेकिन अच्छी क्वालिटी वाली चीजें ही गिफ्ट की जाती हैं। लेकिन, बेहद करीबी रिश्तेदार या परिजन भारी ज्वेलरी भी गिफ्ट करते हैं, अपनी हैसियत के मुताबिक।
क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा?
पिछले 1 महीने में सोना 8000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। शादी के सीजन में मांग बढ़ जाती है, इसलिए हल्की गिरावट भी एक अच्छा मौका बन सकती है। ऐसे में आप अपने बजट के हिसाब से शादी में अपने करीबियों को ज्वेलरी गिफ्ट करने पर विचार कर सकते हैं।
गिफ्ट खरीदते समय कैरेट के साथ-साथ हॉलमार्क और मेकिंग चार्ज पर जरूर ध्यान देना चाहिए। अगर आप गिफ्ट के लिए ज्वेलरी खरीद रहे हैं, तो हॉलमार्क हद से ज्यादा जरूरी हो जाता है। नहीं तो कल को आपको सुनना पड़ सकता है कि आपने नकली गहने गिफ्ट किए थे।
कैसे करें ज्वेलरी गिफ्ट करने का फैसला
कुल मिलाकर, शादी में ज्वेलरी गिफ्ट करते समय कैरेट चुनना बहुत महत्वपूर्ण है। 22 कैरेट सबसे पारंपरिक और सुरक्षित विकल्प है। वहीं, मॉडर्न डिजाइन के लिए 18 कैरेट सही रहता है। बजट कम हो तो 14 कैरेट भी अच्छा विकल्प है।
गिफ्ट ऐसा होना चाहिए जो खूबसूरत भी लगे और लंबे समय तक यादगार भी रहे। इसलिए आप गिफ्ट उसी हिसाब से चुनना चाहिए।