₹1 के सिक्के से ₹500 के नोट तक, करेंसी बनाने पर कितना खर्च करती है सरकार; समझिए पूरा कैलकुलेशन

₹1 के सिक्के से लेकर ₹500 के नोट तक, हर करेंसी बनाने की लागत अलग होती है। सिक्के महंगे पड़ते हैं, नोटों की छपाई भी खर्चीली। जानिए सिक्के और करेंसी बनाने में सरकार कितना खर्च करती है।

अपडेटेड Oct 02, 2025 पर 2:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सिक्के तो भारत सरकार बनाती है, लेकिन ₹2 से लेकर ₹500 तक के नोट छापने की जिम्मेदारी RBI की है।

आज डिजिटल ट्रांजैक्शन और महंगाई के जमाने में ₹1 का सिक्का भले ही मामूली लगे, लेकिन बहुतों के लिए इसकी भावनात्मक अहमियत है। यह सिक्का 1992 से चलन में है। एक RTI के मुताबिक, इसे बनाने में ₹1 से ज्यादा खर्च होता है। 2018 में सामने आई जानकारी के अनुसार, एक ₹1 का सिक्का बनाने की लागत ₹1.11 थी, यानी इसके फेस वैल्यू से अधिक।

कैसे बनता है ₹1 का सिक्का

₹1 का सिक्का स्टेनलेस स्टील से बनता है। इसका डायमीटर 21.93 मिमी, मोटाई 1.45 मिमी और वजन 3.76 ग्राम होता है। मजेदार बात यह है कि दूसरे सिक्के बनाने की लागत थोड़ी कम आती है। जैसे कि ₹2 का सिक्का ₹1.28 में, ₹5 का सिक्का ₹3.69 में और ₹10 का सिक्का ₹5.54 में बनता है।


इन्हें मुंबई और हैदराबाद स्थित गवर्नमेंट मिंट में तैयार किया जाता है। 2018 के बाद की ताजा लागत का डेटा उपलब्ध नहीं है। लेकिन माना जाता है कि 7 साल बाद यानी 2025 तक महंगाई के चलते लागत और बढ़ गई होगी।

सिक्के बनाने की लागत

सिक्कों का मूल्य बनाने की लागत
₹1 ₹1.11
₹2 ₹1.28
₹5 ₹3.69
₹10 ₹5.54

सिक्कों की मिंटिंग में गिरावट

RTI से यह भी सामने आया कि हर साल बनने वाले सिक्कों की संख्या घट रही है। उदाहरण के लिए, 2017 में जहां ₹1 के 90.3 करोड़ सिक्के बनाए गए थे, वहीं 2018 में यह संख्या घटकर 63 करोड़ रह गई। इसकी एक वजह UPI जैसे डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बढ़ना हो सकता है। क्योंकि ज्यादातर लोग चेंज की दिक्कत से बचने के लिए छोटे-मोटे पेमेंट UPI के जरिए ही करने लगे हैं।

rupees coins (1)

नोट कौन छापता है?

सिक्के तो भारत सरकार बनाती है, लेकिन ₹2 से लेकर ₹500 तक के नोट छापने की जिम्मेदारी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की है। इसके लिए RBI अपनी सहायक कंपनी 'भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड' के जरिए दो करेंसी प्रेस चलाता है।

नोट छापने की लागत

नोट छापने की लागत उनकी वैल्यू के हिसाब से अलग-अलग होती है। उदाहरण के लिए, ₹10 के 1000 नोट छापने में लगभग ₹960 का खर्च होता है। इसी तरह, ₹100 के 1000 नोट छापने में ₹1,770, ₹200 के 1000 नोट छापने में ₹2,370 और ₹500 के 1000 नोट छापने में करीब ₹2,290 का खर्च आता है।

1 नोट छापने की लागत

नोट का मूल्य
प्रति नोट छपाई की लागत
₹10 ₹0.96
₹100 ₹1.77
₹200 ₹2.37
₹500 ₹2.29
₹2000 ₹4

सरकार ने ₹2000 का नोट भी चलाया था। इसे छापने में करीब ₹4 तक की लागत आती थी। हालांकि, RBI ने इस नोट को चलन से बाहर कर दिया है और इसकी छपाई भी बंद हो गई है।

यह भी पढ़ें : Fake Vs Real ₹10 Coin: कैसे करें असली-नकली की पहचान? दुकानदार सिक्का न लें, तो क्या करें?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।