SIP से ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड! कितना लगेगा समय, कितनी करनी होगी SIP; समझिए कैलकुलेशन

SIP के जरिए ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बनाना आसान है। लेकिन इसके लिए समय, रिटर्न और निवेश रकम का सही संतुलन जरूरी है। एक्सपर्ट से जानिए कि उम्र और रिटर्न के हिसाब से कितनी SIP करनी होगी।

अपडेटेड Jan 11, 2026 पर 11:00 PM
Story continues below Advertisement
म्यूचुअल फंड में SIP को वेल्थ बनाने का सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है।

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई फाइनेंशियल फ्रीडम चाहता है। मतलब कि ऐसा रिटायरमेंट, जहां पैसों को लेकर तनाव न हो। लेकिन, इसे हासिल करने के लिए कुछ खास चीजों की जरूरत होती है। जैसे कि समय पर प्लानिंग, अनुशासित निवेश और लंबी अवधि तक धैर्य रखना। फाइनेंशियल एडवाइजर्स का मानना है कि अच्छी आदतें और समझदारी से किया गया निवेश आपको इस लक्ष्य तक पहुंचा सकता है।

SIP क्यों बन रहा है निवेशकों की पहली पसंद

म्यूचुअल फंड में Systematic Investment Plan यानी SIP को वेल्थ बनाने का सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है। दिसंबर 2025 में SIP के जरिए निवेश पहली बार ₹31,002 करोड़ के पार पहुंच गया।


कुल SIP AUM बढ़कर ₹16.63 लाख करोड़ हो गया, जो म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल AUM का करीब 20.7 प्रतिशत है। इसी महीने 60.46 लाख नए SIP अकाउंट भी शुरू हुए, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।

1 एसआईपी निवेश 09012026

कंपाउंडिंग की ताकत कैसे बनाती है ₹1 करोड़

अगर अगस्त 2023 से हर महीने ₹7,000 की SIP शुरू की जाए और औसतन 8 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिले, तो 30 साल में करीब ₹1 करोड़ का कॉर्पस तैयार हो सकता है। इस दौरान कुल निवेश सिर्फ ₹25.2 लाख होगा, जबकि बाकी रकम कंपाउंडिंग से बनेगी। समय जितना लंबा होगा, कंपाउंडिंग का फायदा उतना ज्यादा मिलेगा।

कम निवेश में बड़ा लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

Tru-Worth Finsultants के फाउंडर तिवेश शाह के मुताबिक, अगर पोर्टफोलियो में थोड़ा ज्यादा इक्विटी एक्सपोजर हो और 10 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिले, तो सिर्फ ₹4,800 प्रति माह निवेश करके भी 30 साल में ₹1 करोड़ का लक्ष्य पाया जा सकता है। उनका कहना है कि निवेशक रिटर्न पर ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि असली कमाल समय करता है।

उम्र के हिसाब से SIP कितनी होनी चाहिए?

अगर आपकी उम्र 40 साल है और लक्ष्य ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट कॉर्पस है, तो 8 प्रतिशत रिटर्न मानें तो करीब ₹17,400 प्रति माह SIP करनी होगी। वहीं 12 प्रतिशत रिटर्न के अनुमान पर यह रकम घटकर करीब ₹10,900 प्रति माह रह जाती है।

3 एसआईपी निवेश 090120263

 

रिटायरमेंट के लिए सही कॉर्पस कितना होना चाहिए

StableInvestor के फाउंडर देव आशीष मानते हैं कि फाइनेंशियल फ्रीडम के लिए रिटायरमेंट कॉर्पस आपकी सालाना जरूरतों का 30 से 40 गुना होना चाहिए। उदाहरण के तौर पर, अगर सालाना खर्च ₹10 लाख है, तो रिटायरमेंट का लक्ष्य ₹3-4 करोड़ होना चाहिए।

₹3 करोड़ और ₹5 करोड़ के लक्ष्य की प्लानिंग

अगर आपकी उम्र 35 साल है और आप 60 की उम्र तक ₹3 करोड़ का कॉर्पस बनाना चाहते हैं, तो 10 प्रतिशत रिटर्न के अनुमान पर करीब ₹24,000 प्रति माह SIP करनी होगी। वहीं ₹5 करोड़ के लक्ष्य के लिए 35 साल की उम्र में 10 प्रतिशत रिटर्न मानें तो ₹40,200 प्रति माह और 12 प्रतिशत रिटर्न मानें तो ₹29,300 प्रति माह SIP करनी पड़ेगी।

रिटायरमेंट से आगे वेल्थ बनाने का लक्ष्य

जो निवेशक रिटायरमेंट के बाद अगली पीढ़ी के लिए ₹7-10 करोड़ का कॉर्पस बनाना चाहते हैं, उनके लिए उम्र सबसे बड़ा फैक्टर है। 30 साल की उम्र में 10 प्रतिशत रिटर्न मानकर ₹33,670 प्रति माह निवेश से यह लक्ष्य मुमकिन है।

लेकिन, 45 साल की उम्र में वही लक्ष्य पाने के लिए ₹1,74,290 प्रति माह SIP करनी होगी। इसी तरह ₹10 करोड़ के लिए 30 साल की उम्र में ₹48,090 और 45 साल की उम्र में ₹2,48,990 प्रति माह निवेश की जरूरत पड़ेगी।

5 एसआईपी निवेश 090120265

सही फाइनेंशियल प्लान क्यों जरूरी है

लक्ष्य तय करने के बाद सबसे जरूरी है एक व्यावहारिक फाइनेंशियल प्लान। इसमें लाइफस्टाइल खर्च, महंगाई, हेल्थकेयर, औसत उम्र और यह भी शामिल होना चाहिए कि पैसे की जरूरत कब पड़ेगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि घर की मरम्मत या नई कार जैसे बड़े अचानक खर्चों को भी प्लान में शामिल करना चाहिए।

रिटायरमेंट कॉर्पस की सुरक्षा सबसे अहम

देव आशीष के मुताबिक, जरूरत से ज्यादा पॉजिटिव अनुमान आपकी पूरी प्लानिंग बिगाड़ सकते हैं। रिटायरमेंट के करीब आते ही कॉर्पस की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। सट्टेबाजी, क्रिप्टो या जरूरत से ज्यादा जोखिम वाले निवेश से बचना जरूरी है, क्योंकि एक बड़ा नुकसान आपकी फाइनेंशियल आजादी खत्म कर सकता है।

कितना निवेश करना चाहिए

एक सामान्य नियम के तौर पर, अपनी टेक-होम सैलरी का कम से कम 30 प्रतिशत निवेश करने की कोशिश करनी चाहिए। सिर्फ 10–20 प्रतिशत निवेश से बड़ा रिटायरमेंट कॉर्पस बनाना मुश्किल होता है। जरूरत हो तो किसी फाइनेंशियल एडवाइजर की मदद लेकर तय करें कि आपके लक्ष्य के हिसाब से हर महीने कितनी SIP जरूरी है।

Mutual fund SIP: म्यूचुअल फंड SIP से जुड़े 5 मिथक, क्या आप भी करते हैं इन पर भरोसा?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।