सालों की मेहनत से जमा आपका PF पैसा अब यूं ही पड़ा नहीं रहेगा, बल्कि सही जानकारी होने पर सीधे आपके बैंक खाते में पहुंच सकता है। देश में हजारों करोड़ रुपये का PF पैसा सालों से अनक्लेम्ड पड़ा है। इस समस्या को दूर करने के लिए EPFO ने एक नया पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत अब डॉर्मेंट यानी इनएक्टिव EPF अकाउंट का पैसा सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा सकता है। पहले चरण में करीब 8.1 लाख एक्टिव खातों को प्रोसेस किया जा रहा है, जिनमें लगभग 5,200 करोड़ रुपये जमा हैं। इस पहल का मकसद लोगों को बिना लंबी कागजी कार्रवाई के उनका पैसा दिलाना है।
क्यों बन जाते हैं EPF अकाउंट डॉर्मेंट?
अक्सर लोग नौकरी बदलते समय अपना PF अकाउंट ट्रांसफर नहीं करते या पुरानी नौकरी छोड़ने के बाद पैसा नहीं निकालते। कई बार अलग-अलग कंपनियों में काम करने के दौरान एक ही व्यक्ति के कई PF अकाउंट बन जाते हैं। समय के साथ लोग इन अकाउंट्स को भूल जाते हैं, जिससे पैसा लंबे समय तक पड़ा रहता है।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
EPFO का नया सिस्टम कुछ शर्तों के पूरा होने पर अपने आप पैसा ट्रांसफर कर देगा। इसके लिए जरूरी है कि आपका EPF अकाउंट आधार से लिंक हो, KYC पूरी और सही हो और बैंक अकाउंट अपडेट और वेरिफाइड हो। अगर ये सभी शर्तें पूरी हैं, तो बिना किसी क्लेम के पैसा सीधे आपके बैंक खाते में आ सकता है। पहले यह सुविधा सिर्फ 1,000 रुपये तक के छोटे अमाउंट के लिए थी, लेकिन अब इसे बड़े अमाउंट के लिए भी लागू किया जा रहा है। हालांकि, इसके लिए वैरिफिकेशन सख्ती से होती है।
यह सुविधा उन लोगों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है जिनका डेटा पूरी तरह सही और अपडेटेड है। यानी, आधार EPF से लिंक हो। साथ ही बैंक डिटेल्स सही और वेरिफाइड हों। इसके अलावा UAN एक्टिव और सही हो। अगर इनमें कोई कमी है, तो आपको पहले सुधार करना होगा। तभी यह सुविधा मिल पाएगी।
किन वजहों से अटक जाता है PF पैसा?
नाम या जन्मतिथि में गलती होना।
आधार लिंक न होना या mismatch होना।
एक ही व्यक्ति के कई UAN होना।
बैंक अकाउंट अपडेट न होना।
एग्जिट डेट सही से दर्ज न होना।
कैसे रखें अपना EPF अकाउंट एक्टिव?
नौकरी बदलने पर तुरंत PF ट्रांसफर करें।
UAN को सभी नौकरियों से लिंक रखें।
आधार और बैंक डिटेल्स अपडेट रखें।
KYC स्टेटस समय-समय पर चेक करें।
आपका नियोक्ता या कंपनी एग्जिट डेट सही डाले
EPFO का यह ऑटो ट्रांसफर सिस्टम PF पैसा निकालने के प्रोसेस को काफी आसान बना सकता है। लेकिन इसका फायदा तभी मिलेगा जब आपकी जानकारी पूरी तरह सही और अपडेटेड हो। अगर रिकॉर्ड में गड़बड़ी है, तो पहले उसे ठीक करना जरूरी है। सही डेटा के साथ अब PF पैसा बिना मेहनत के सीधे आपके खाते में आ सकता है।