Income Tax 2026: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लाखों टैक्सपेयर्स रिटर्न भरने की तैयारी में जुट गए हैं। लेकिन जल्दबाजी में ITR फाइल करने से पहले जरूरी डॉक्यूमेंट्स को तैयार रखना बेहद जरूरी है। सही डॉक्यूमेंट न होने पर आय की गलत जानकारी, टैक्स क्रेडिट में गड़बड़ी या टैक्स छूट का लाभ छूटने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में रिटर्न दाखिल करने से पहले कुछ अहम डॉक्यूमेंट्स को एक जगह इकट्ठा कर लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
सैलरी पाने वालों के लिए कौन से डॉक्यूमेंट जरूरी हैं?
अगर आप नौकरीपेशा हैं, तो Form 16 सबसे महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट माना जाता है। इसके अलावा पूरे साल की सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट, किराए की रसीदें (HRA क्लेम के लिए) और नियोक्ता की दी गई टैक्स छूट से जुड़े डॉक्यूमेंट भी संभालकर रखें। ये सभी रिकॉर्ड आपकी आय और कटे हुए टैक्स की सही जानकारी देने में मदद करते हैं।
इन डॉक्यूमेंट्स के बिना अधूरी रह सकती है ITR फाइलिंग
टैक्सपेयर्स को Form 26AS और Annual Information Statement (AIS) भी जरूर चेक करना चाहिए। इनमें TDS, एडवांस टैक्स, ब्याज आय, डिविडेंड और अन्य फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जानकारी होती है। इसके अलावा बैंक स्टेटमेंट, निवेश से जुड़े डॉक्यूमेंट, होम लोन स्टेटमेंट और टैक्स बचत निवेशों के प्रमाण भी तैयार रखें। इससे रिटर्न में किसी तरह की गलती होने की संभावना कम हो जाती है।
बिजनेस और निवेश करने वालों को क्या रखना होगा तैयार?
यदि आप फ्रीलांसर, कारोबारी या प्रोफेशनल हैं, तो आय और खर्चों से जुड़े रिकॉर्ड, इनवॉइस, GST रिटर्न और एडवांस टैक्स भुगतान की रसीदें संभालकर रखें। वहीं शेयर, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी, बॉन्ड या सोना बेचने वाले निवेशकों को कैपिटल गेन स्टेटमेंट, खरीद-बिक्री के डॉक्यूमेंट और ब्रोकर की रिपोर्ट तैयार रखनी चाहिए। इससे कैपिटल गेन या नुकसान की सही जानकारी दी जा सकेगी।
टैक्स छूट का फायदा लेने के लिए ये डॉक्यूमेंट जरूरी
अगर आप PPF, ELSS, NPS, जीवन बीमा, हेल्थ इंश्योरेंस या एजुकेशन लोन पर टैक्स छूट का दावा करना चाहते हैं, तो उनसे जुड़े सभी प्रमाण अपने पास रखें। इसके अलावा होम लोन ब्याज प्रमाणपत्र, रेंट एग्रीमेंट और किरायेदार की जानकारी जैसे डॉक्यूमेंट भी जरूरत पड़ने पर काम आते हैं।