CPI Inflation: महंगाई का झटका! फरवरी में बढ़कर 3.21% हुई रिटेल इन्फ्लेशन; शहरों में ज्यादा बढ़े दाम

CPI Inflation: फरवरी 2026 में भारत की खुदरा महंगाई बढ़कर 3.21 प्रतिशत हो गई है। खाने पीने की चीजों की महंगाई 3.47 प्रतिशत रही। लहसुन, प्याज और आलू के दाम गिरे। ज्वेलरी और कुछ सब्जियों में तेज महंगाई दर्ज हुई। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 4:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्याज में 28.20 प्रतिशत और आलू में 18.46 प्रतिशत की कमी आई।

CPI Inflation: खुदरा महंगाई फरवरी 2026 में बढ़कर 3.21 प्रतिशत हो गई है। यह आंकड़ा जनवरी 2026 के 2.74 प्रतिशत के मुकाबले 47 बेसिस पॉइंट ज्यादा है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय यानी NSO की ओर से जारी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) के ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

ग्रामीण और शहरी इलाकों में महंगाई दर अलग अलग रही। फरवरी में ग्रामीण महंगाई 3.37 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं शहरी इलाकों में महंगाई 3.02 प्रतिशत रही।

3.47% रही खाने पीने की चीजों की महंगाई


खाद्य वस्तुओं की महंगाई को मापने वाला कंज्यूमर फूड प्राइस इंडेक्स (CFPI) फरवरी 2026 में 3.47 प्रतिशत रहा। ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई 3.46 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 3.48 प्रतिशत दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक फरवरी में कुछ सब्जियों की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। टमाटर, मटर और फूलगोभी के इंडेक्स में जनवरी के मुकाबले 10 प्रतिशत से ज्यादा की कमी दर्ज की गई।

कुछ खाद्य वस्तुओं के दाम में बड़ी गिरावट

फरवरी में जिन चीजों में महंगाई सबसे कम रही, उनमें लहसुन, प्याज और आलू जैसे खाद्य पदार्थ शामिल हैं।

लहसुन की कीमतों में सालाना आधार पर 31.09 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। प्याज में 28.20 प्रतिशत और आलू में 18.46 प्रतिशत की कमी आई। इसके अलावा अरहर दाल की कीमतों में भी 16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

ज्वेलरी और कुछ सब्जियों में तेज महंगाई

दूसरी तरफ कुछ वस्तुओं में महंगाई काफी ज्यादा रही। सबसे ज्यादा महंगाई सिल्वर ज्वेलरी में देखी गई। यहां सालाना आधार पर कीमतें 160.84 प्रतिशत बढ़ गईं।

सोना, हीरा और प्लेटिनम ज्वेलरी में महंगाई 48.16 प्रतिशत रही। वहीं सूखा नारियल यानी कोप्रा में 46.16 प्रतिशत, टमाटर में 45.29 प्रतिशत और फूलगोभी में 43.77 प्रतिशत महंगाई दर्ज की गई।

अलग अलग सेक्टर में महंगाई की स्थिति

  • CPI के अलग अलग सेक्टर में महंगाई के आंकड़े भी जारी किए गए हैं। फरवरी में फूड एंड बेवरेजेज कैटेगरी में महंगाई 3.35 प्रतिशत रही।
  • पान, तंबाकू और नशीले पदार्थों की कैटेगरी में महंगाई 3.49 प्रतिशत दर्ज की गई। क्लोदिंग और फुटवेयर में 2.81 प्रतिशत महंगाई रही।
  • हाउसिंग, पानी, बिजली, गैस और दूसरे ईंधन से जुड़ी कैटेगरी में महंगाई 1.52 प्रतिशत रही। हेल्थ सेक्टर में महंगाई 1.90 प्रतिशत दर्ज की गई।
  • ट्रांसपोर्ट कैटेगरी में महंगाई -0.05 प्रतिशत रही, यानी इस सेक्टर में कीमतों में मामूली गिरावट देखने को मिली।
  • इसके अलावा एजुकेशन सर्विसेज में महंगाई 3.33 प्रतिशत रही। रेस्टोरेंट और होटल जैसी सेवाओं में महंगाई 2.73 प्रतिशत दर्ज की गई।

सरकार ने बताया कि फरवरी 2026 के लिए CPI के ये आंकड़े प्रोविजनल हैं। मार्च 2026 के लिए महंगाई के आंकड़े 13 अप्रैल 2026 को जारी किए जाएंगे।

EPF Interest Calucation: कब PF खाते में आएगा ब्याज, कैसे होगा कैलकुलेशन; समझिए पूरा हिसाब

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।