EPF Interest Calucation: कब PF खाते में आएगा ब्याज, कैसे होगा कैलकुलेशन; समझिए पूरा हिसाब
EPF Interest Calucation: EPFO ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए PF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज तय किया है। लेकिन यह पैसा खाते में कब आएगा और इसका कैलकुलेशन कैसे होता है? समझिए EPF ब्याज का पूरा हिसाब।
EPF ब्याज ट्रांसफर के लिए सरकार की ओर से कोई तय तारीख नहीं होती।
EPF Interest Calucation: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज देने का फैसला किया है। इसके बाद कई सदस्य यह जानना चाहते हैं कि यह ब्याज उनके खाते में कब तक आएगा। इस लेख में समझते हैं कि EPF का ब्याज खाते में आने की प्रक्रिया क्या है और इसकी गणना कैसे होती है।
EPF ब्याज खाते में कब आता है
EPF ब्याज ट्रांसफर के लिए सरकार की ओर से कोई तय तारीख नहीं होती। लेकिन ब्याज खाते में आने से पहले तीन जरूरी चरण पूरे होते हैं।
EPFO का सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज साल के लिए EPF की ब्याज दर तय करता है।
CBT का यह फैसला केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाता है।
केंद्र सरकार इस पर अंतिम मंजूरी देती है। फिर ब्याज सदस्यों के खातों में ट्रांसफर होता है।
अभी तक केवल पहला चरण पूरा हुआ है। पिछले अनुभव के आधार पर देखें तो सरकार की अंतिम मंजूरी आने में कम से कम 2 से 3 महीने लग सकते हैं।
जैसे कि साल 2025 में सरकार ने EPF ब्याज ट्रांसफर को 22 मई 2025 को मंजूरी दी थी। लेकिन पूरी प्रक्रिया जुलाई के आसपास जाकर पूरी हुई थी। वहीं वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ब्याज क्रेडिट होने की प्रक्रिया अगस्त में शुरू हुई थी और दिसंबर तक चली थी। यह भी जरूरी नहीं है कि सभी सदस्यों के खातों में ब्याज एक साथ ही ट्रांसफर हो जाए।
EPF ब्याज का कैलकुलेशन कैसे होता है?
EPF स्कीम 1952 के नियम 60 में ब्याज के कैलकुलेशन का तरीका बताया गया है। इसके मुताबिक कमिश्नर हर सदस्य के खाते में वही ब्याज दर लागू करते हैं, जो केंद्र सरकार सेंट्रल बोर्ड के साथ सलाह करके तय करती है।
EPF का ब्याज मंथली रनिंग बैलेंस के आधार पर निकाला जाता है। यह हर वित्त वर्ष के आखिरी दिन से प्रभावी होता है। कुछ खास नियमों के आधार पर इसकी गणना की जाती है।
नियम 1: पिछले साल के बैलेंस पर पूरे साल का ब्याज
इस नियम के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष के आखिरी दिन जो बैलेंस आपके खाते में होता है, उस पर पूरे 12 महीने का ब्याज मिलता है। हालांकि अगर आपने चालू साल में कुछ रकम निकाल ली है, तो उसे घटाकर ब्याज की गणना की जाती है।
मान लीजिए 31 मार्च 2025 को आपके EPF खाते में 5 लाख रुपये हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान आपने कुल 1 लाख रुपये निकाल लिए। तो पूरा साल के लिए ब्याज योग्य रकम 4 लाख रुपये होगी। ऐसे में पूरे साल का ब्याज होगा...
4,00,000 × 8.25 प्रतिशत = 33,000 रुपये
नियम 2: साल के दौरान निकाली गई रकम पर ब्याज
अगर आपने साल के बीच में पैसा निकाला है, तो उस रकम पर ब्याज केवल 1 अप्रैल से उस महीने के आखिरी दिन तक मिलता है, जो निकासी से ठीक पहले आता है। मान लीजिए आपने 20 नवंबर 2025 को 1,00,000 रुपये निकाले। तो ब्याज अवधि होगी 1 अप्रैल 2025 से 31 अक्टूबर 2025 यानी 7 महीने। ऐसे में ब्याज होगा...
1,00,000 × 8.25 प्रतिशत × 7/12 = 4,812.5 रुपये
नियम 3: साल के दौरान जमा हुई नई रकम पर ब्याज
अगर वित्त वर्ष के दौरान आपके EPF खाते में नई रकम जमा होती है, तो उस पर ब्याज जमा होने के अगले महीने की पहली तारीख से लेकर 31 मार्च तक मिलता है। मान लीजिए आपके नियोक्ता ने 10 अप्रैल 2025 को 20,000 रुपये जमा किए। तो ब्याज अवधि होगी 1 मई 2025 से 31 मार्च 2026 यानी 11 महीने। ऐसे में ब्याज मिलेगा..
20,000 × 8.25 प्रतिशत × 11/12 = 1,512.5 रुपये
ऐसी गणना पूरे साल के दौरान जमा होने वाली हर रकम के लिए की जाती है।
नियम 4: पूरे रुपये में राउंड ऑफ होता है ब्याज
अंत में कुल ब्याज की रकम को नजदीकी पूरे रुपये में राउंड ऑफ किया जाता है। उदाहरण के लिए, अगर कुल ब्याज 69,399.50 रुपये बनता है, तो इसे राउंड ऑफ करके 69,400 रुपये कर दिया जाएगा।