PF Withdrawal : अब PF का पैसा निकालना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है। इसी महीने से आप चंद मिनटों में UPI और ATM से प्रोविडेंट फण्ड का पैसा निकल सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक श्रम मंत्रालय मई महीने के आखिर में EPFO 3.0 रिफॉर्म्स को लॉन्च कर सकता है,जिसके तहत ये बड़ी सुविधा सब्सक्राइबर्स को मिलेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी एक ऐप लॉन्च कर सकते हैं। इस EPFO ऐप को UAN से लिंक करना होगा। इसी ऐप से PF विड्रॉल किया जा सकेगा। अब तक ईपीएफओ के पास अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों का डेटाबेस था,जिसे अब एक केंद्रीय सर्वर पर लाया जा रहा है।
7.8 करोड़ सब्सक्राइबर्स को मिलेगा फायदा
इस नए सिस्टम से 7.8 करोड़ सब्सक्राइबर्स को न केवल तुरंत पैसा मिलेगा,बल्कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पेपरलेस और यूजर-फ्रेंडली हो जाएगी। EPFO 3.0 सिर्फ एक टेक्नीकल अपग्रेड नहीं है, बल्कि यह एक फ्यूचरिस्टिक बैंकिंग सिस्टम का अनुभव देगा। मौजूदा वक्त में लागू सिस्टम में कई खामियों और देरी की गुंजाइश रहती है, लेकिन 3.0 वर्जन इन सबको खत्म कर देगा।
इमर्जेंसी और मेडिकल खर्च के लिए मिलेंगे फुल विड्रॉल के ऑप्शन
EPFO 3.0 के तहत 5 लाख रुपए तक के क्लेम ऑटोमेटिक सेटल होंगे। इसके किसी मानवीय हस्तक्षेप की जरूरत नहीं होगी और पैसा 2 से 5 दिनों के भीतर खाते में आ जाएगा। इमर्जेंसी और मेडिकल खर्च के लिए फुल विड्रॉल के ऑप्शन मिलेंगे। अब केवाईसी अपडेट करने या क्लेम करने के लिए पुरानी या वर्तमान कंपनी की मंजूरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ATM और UPI से PF निकासी की सुविधा इस प्रोजेक्ट का सबसे चर्चित फीचर है। इस नई व्यवस्था में EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को एक विशेष ATM कार्ड जारी कर सकता है, जो उनके पीएफ अकाउंट से लिंक होगा।
UPI-ATM से कैसे निकलेगा PF का पैसा?
इसके लिए आपको UAN को EPFO ऐप से लिंक करना होगा। KYC,आधार,बैंक अकाउंट वेरिफाइड होना जरूरी होगा। ऐप में 'PF Withdrawal' का विकल्प मिलेगा। इसमें आप जरूरत के हिसाब से रकम चुन सकेंगे। इमर्जेंसी और मेडिकल खर्च के लिए फुल विड्रॉल के ऑप्शन मिलेंगे। रकम निकालने को लिए आधार OTP के जरिए ऑथेंटिकेशन होगा। उसके बाद पैसा सीधे बैंक अकाउंट या UPI में क्रेडिट होगा।