Indian Railway: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव किया है। अब बड़े स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ने से पहले आपका बैग भी एयरपोर्ट की तरह चेक होगा। यानी, अब बहुत ज्यादा सामान लेकर ट्रेन में सफर नहीं कर पाएंगे। अगर आप ज्यादा सामान लेकर ट्रेन में सफर करते हैं, तो इसकी पेनाल्टी और ज्यादा सामान का चार्ज यात्रियों को चुकाना होगा। रेलवे रेलवे स्टेशन पर सामान चके करने की शुरुआत लखनऊ और प्रयागराज मंडल जैसे बड़े स्टेशनों से कर रहा है।
इन स्टेशनों पर लगेंगी इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनें
रेलवे लखनऊ चारबाग, प्रयागराज जंक्शन, बनारस, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, अलीगढ़, गोविंदपुरी और इटावा जैसे स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनें लगाएगा। ये मशीनें प्लेटफॉर्म पर एंट्री से पहले यात्रियों के बैग का वजन और साइज दोनों चेक करने के लिए लगाएगा।
वजन के साथ बैग का आकार भी अहम
अब तक ज्यादातर लोग सिर्फ बैग का वजन देखते थे, लेकिन रेलवे ने साफ कर दिया है कि आगे से बैग के साइज की भी जांच होगी। अगर किसी यात्री का बैग आकार में इतना बड़ा है कि वह कोच के अंदर जरूरत से ज्यादा जगह घेरता है, तो उस पर पेनाल्टी लग सकती है। यानी आपका बैग तय वजन लिमिट के अंदर हो, तब भी अगर वह ज्यादा जगह घेरता है तो समस्या बन सकता है।
रेलवे ने यात्रियों को तय लिमिट से 10 किलो एक्स्ट्रा सामान ले जाने की छूट दी है। लेकिन अगर यह लिमिट पार होती है, तो यात्रियों को लगेज बुक कराना पड़ेगा।
बिना बुकिंग पकड़े गए तो लगेगा डेढ़ गुना चार्ज
रेलवे ने साफ कर दिया है कि अगर जांच के दौरान किसी यात्री के पास तय लिमिट से ज्यादा सामान मिला और उसने लगेज बुकिंग नहीं कराई है, तो उस पर सामान्य दर से डेढ़ गुना ज्यादा चार्ज वसूला जाएगा। ऐसे में बिना बुकिंग एक्स्ट्रा सामान लेकर चलना यात्रियों के लिए महंगा साबित हो सकता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए जरूरी है। कई बार यात्री इतना ज्यादा सामान लेकर ट्रेन में चढ़ते हैं कि कोच में दूसरों को बैठने या आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा, अतिरिक्त और भारी लगेज सुरक्षा के लिहाज से भी खतरा पैदा कर सकता है। त्योहारों और छुट्टियों के सीजन में जब ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, तब इस तरह की व्यवस्था यात्रियों की परेशानी कम करेगी।