Insurance Amendment Bill 2025: नए इंश्योरेंस बिल में हैं 7 खास प्रावधान, सभी बीमाधारकों पर होगा सीधा असर; जानिए डिटेल
Insurance Amendment Bill 2025: नए इंश्योरेंस बिल को संसद की मंजूरी मिल चुकी है। इस बिल में 100 प्रतिशत FDI समेत 7 बड़े प्रावधान हैं, जिनका असर हर बीमाधारक पर पड़ेगा। जानिए नए नियम क्या हैं और आपको क्या फायदा होगा।
अब बीमा कंपनियों में 100 प्रतिशत तक विदेशी प्रत्यक्ष निवेश यानी FDI की अनुमति दे दी गई है।
Insurance Amendment Bill 2025: सबका बीमा, सबकी रक्षा (इंश्योरेंस कानूनों में संशोधन) विधेयक 2025 को संसद ने 17 दिसंबर 2025 को मंजूरी दी। इस बिल के जरिए बीमा सेक्टर से जुड़े तीन अहम कानूनों में बदलाव किया गया है। इनमें बीमा अधिनियम 1938, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन अधिनियम 1956 और इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी अधिनियम 1999 शामिल हैं।
इस बिल का मकसद बीमा सेक्टर को ज्यादा मजबूत, पारदर्शी और ग्राहक केंद्रित बनाना है। आइए जानते हैं कि नए बिल का आम बीमाधारकों और बीमा सेक्टर पर क्या असर होगा।
बीमा कंपनियों में अब 100 प्रतिशत FDI की इजाजत
इस बिल का सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब बीमा कंपनियों में 100 प्रतिशत तक विदेशी प्रत्यक्ष निवेश यानी FDI की अनुमति दे दी गई है। पहले विदेशी कंपनियां भारतीय बीमा कंपनियों में सिर्फ 74 प्रतिशत हिस्सेदारी ही ले सकती थीं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में कहा कि FDI की सीमा बढ़ने से ज्यादा विदेशी कंपनियां भारत आएंगी। कई विदेशी कंपनियां अब तक जॉइंट वेंचर पार्टनर न मिलने की वजह से भारत नहीं आ पा रही थीं। उनके आने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और इसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा। उम्मीद है कि इससे बीमा प्रीमियम भी कम हो सकते हैं।
बीमा ग्राहकों को क्या फायदा होगा
एक्सपर्ट के मुताबिक, यह बिल बीमा उद्योग के लिए एक बड़ा सुधार है। 100 प्रतिशत FDI से बीमा कंपनियों को ज्यादा पूंजी मिलेगी, लंबी अवधि का निवेश आएगा और ग्लोबल बेस्ट प्रैक्टिस भारत में अपनाई जा सकेगी।
इससे पॉलिसीधारकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और बीमा प्रोडक्ट्स की वैल्यू भी बढ़ेगी। विदेशी कंपनियों की भागीदारी से डिजिटल सिस्टम मजबूत होंगे और क्लेम मैनेजमेंट पहले से बेहतर और तेज होगा।
हर पॉलिसीधारक का रिकॉर्ड रखना होगा सटीक
अब बीमा कंपनियों को हर पॉलिसीधारक की जानकारी का बेहद सटीक और वेरिफाइड रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा। इसमें पॉलिसीधारक का नाम, जन्मतिथि, पता, ईमेल आईडी (अगर उपलब्ध हो), आधार या पैन नंबर शामिल होगा।
इसके अलावा पॉलिसी से जुड़े किसी भी ट्रांसफर, असाइनमेंट या नॉमिनेशन का पूरा रिकॉर्ड भी रखना होगा, ताकि क्लेम के वक्त किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
डेटा की जिम्मेदारी अब बीमा कंपनियों पर
नए नियमों के तहत पॉलिसीधारक के डेटा की सटीकता, पूर्णता और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी बीमा कंपनियों की होगी। कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि डेटा पूरी तरह अपडेट रहे और किसी तरह की चोरी, नुकसान या गलत इस्तेमाल न हो।
अगर डेटा में गलती पाई जाती है, तो उसकी जवाबदेही सीधे बीमा कंपनी की होगी।
छोटे शहरों और गांवों तक पहुंचेगा बीमा
इस बदलाव के बाद समय के साथ ऐसे बीमा प्रोडक्ट्स आने की उम्मीद है, जो दुनिया भर के अनुभवों को ध्यान में रखकर बनाए जाएंगे। विदेशी निवेश के आने से बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे सर्विस क्वालिटी बेहतर होगी।
इसका असर सेमी अर्बन और ग्रामीण इलाकों में भी दिख सकता है, जहां अब तक बीमा कवरेज सीमित रहा है। ग्लोबल अनुभव और टेक्नोलॉजी की मदद से इन इलाकों के लिए बेहतर समाधान आ सकते हैं।
आपकी निजी जानकारी अब यूं ही साझा नहीं होगी
यह प्रावधान ग्राहकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अब बीमा कंपनियां आपकी KYC या निजी जानकारी किसी तीसरे पक्ष को मनमाने तरीके से नहीं दे सकेंगी और न ही बेच सकेंगी।
कानून में साफ तौर पर सिर्फ तीन ही स्थितियां बताई गई हैं, जिनमें डेटा साझा किया जा सकता है। पहली, जब कानूनन ऐसा करना जरूरी हो। दूसरी, जब सार्वजनिक हित में जानकारी देना जरूरी हो। तीसरी, जब ग्राहक खुद साफ तौर पर इसकी अनुमति दे।
क्लेम रिजेक्शन में पारदर्शिता जरूरी
अब बीमा कंपनियों को हर क्लेम का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा। अगर किसी क्लेम को मंजूरी मिलती है, तो उसकी तारीख दर्ज करनी होगी। और अगर क्लेम रिजेक्ट होता है, तो उसकी तारीख के साथ-साथ रिजेक्शन की साफ वजह भी रिकॉर्ड में लिखनी होगी।
इससे ग्राहकों को यह समझने में आसानी होगी कि उनका क्लेम क्यों रोका गया या खारिज किया गया।
डिजिटल पॉलिसी और क्लेम पर जोर
नए नियमों के तहत बीमा कंपनियों को पॉलिसी और क्लेम से जुड़े रिकॉर्ड इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में रखना होगा। कोशिश यह होगी कि ज्यादा से ज्यादा पॉलिसी डिजिटल फॉर्म में जारी की जाए।
इससे ग्राहकों के लिए अपनी पॉलिसी देखना, ट्रैक करना और जरूरत पड़ने पर जानकारी निकालना आसान हो जाएगा।
नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना
इस बिल में नियमों का पालन न करने पर कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। अगर कोई बीमा कंपनी या इंटरमीडियरी नियमों का उल्लंघन करती है, तो उस पर रोजाना 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह जुर्माना अधिकतम 10 करोड़ रुपये तक जा सकता है।
इसके अलावा बिना रजिस्ट्रेशन काम करने वाले बीमा इंटरमीडियरी पर 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।