Edelweiss Financial के इन NCDs पर मिल सकता है 11% तक का फिक्स्ड ब्याज, मंगलवार 3 जनवरी से खुलेगा इश्यू

इडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज (Edelweiss Financial Services) ने निवेशकों से 400 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए रिडीम किए जा सकने वाले नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCDs) के एक पब्लिक इश्यू का ऐलान किया है। यह इश्यू 3 जनवरी को खुलेगा। प्रत्येक NCD 1,000 रुपये के फेस वैल्यू का होगा

अपडेटेड Jan 02, 2023 पर 3:09 PM
इडलवाइज के NCD पर सालाना प्रभावी रिटर्न 8.99 से 10.46 फीसदी के बीच में आएगा

इडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज (Edelweiss Financial Services) ने निवेशकों से 400 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए रिडीम किए जा सकने वाले नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCDs) के एक पब्लिक इश्यू का ऐलान किया है। यह इश्यू 3 जनवरी को खुलेगा। प्रत्येक NCD 1,000 रुपये के फेस वैल्यू का होगा। कंपनी शुरू में 200 करोड़ रुपये जुटाने की कोशिश करेगी। साथ ही इसमें 200 करोड़ रुपये तक के ओवर-सब्सक्रिप्शन का भी विकल्प रहेगा। कंपनी ने बताया कि निश्चित कूपन वाले इन एनसीडी की 10 सीरीज हैं और ये 24 महीने, 36 महीने, 60 महीने और 120 महीने की अवधि के साथ सालाना, मंथली और क्युम्युलेटिव ब्याज के विकल्प के साथ आएंगे।

कंपनी ने बताया, इन NCD पर सालाना प्रभावी रिटर्न 8.99 से 10.46 फीसदी के बीच में आएगा। इसके अलावा कंपनी उन लोगों को 0.20 फीसदी का अतिरिक्त इनसेंटिव भी देगी, जो कंपनी के शेयरधारक हैं या जिन्होंने इडलवाइज ग्रुप की कंपनियों के बॉन्ड या NCDs में इससे पहले भी कभी निवेश किया हुआ है।

अगर इनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed Deposit) से तुलना करें तो यह निवेश के लिए एक बेहतर विकल्प नजर आते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया इस समय 1 से 5 साल की अवधि वाले अपने FD पर 6.1 से 6.25 फीसदी ब्याज ऑफर कर रहा है।


यह भी पढ़ें- Multibagger Stocks: 2022 में इन शेयरों ने 1,000% से भी अधिक का दिया रिटर्न, निवेशकों ने जमकर बनाए पैसे

प्रस्तावित NCDs की रेटिंग CRISIL AA-/नेगेटिव (जिसे CRISIL डबल A माइनस रेटिंग के साथ नेगेटिव आउटलुक) और Acuite AA-/नेगेटिव है।

कंपनी ने बताया कि वह इस इश्यू के जरिए जुटाई गई कम से कम 75 प्रतिशत राशि का इस्तेमाल कंपनी पर लदे कर्ज के मूलधन और ब्याज को चुकाने में करेगी। वहीं बाकी राशि का इस्तेमाल दूसरे सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाना प्रस्तावित है। इक्विरस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड इस एनसीडी इश्यू का लीड मैनेजर है।

इश्यू सोमवार 23 जनवरी तक खुला रहेगा। हालांकि इसमें जल्दी बंद होने का विकल्प भी है। निवेशकों को लिक्विडिटी मुहैया करने के लिए इन NCDs को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।