EPFO interest rate : करोड़ों वेतनभोगी कर्मचारियों को अपने पीएफ पर मिलने वाले वित्त वर्ष 22 के ब्याज के लिए वर्ष 2022 के अंत तक इंतजार नहीं करना होगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) पिछले वर्षों की तुलना में काफी पहले पीएफ खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
दो सरकारी अधिकारियों ने कहा, इसकी वजह दो फैक्टर हैं। पहला, वित्त वर्ष 22 के लिए 8.1 फीसदी की ब्याज दर 43 साल में सबसे कम है और इसलिए वित्त मंत्रालय की तरफ से इसकी स्क्रूटनी होने की संभावना कम है। दूसरा, 8.1 फीसदी ब्याज दर पहले जमा करने से EPFO की वित्तीय सेहत को फायदा होगा, क्योंकि इससे पीएफ क्लेम सेटलमेंट्स (PF claim settlements) के दौरान फंड कम जाएगा।
दशहरे से पहले जमा हो सकता है ब्याज
सूत्रों ने कहा कि श्रम मंत्रालय के तहत आने वाला EPFO दशहरा-दिवाली फेस्टिव सीजन से पहले खातों में ब्याज जमा हो सकता है।
एक अधिकारी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि वित्त मंत्रालय को 8.1 फीसदी ब्याज दर को औपचारिक मंजूरी देने में खास समस्या नहीं होगी। इसलिए इस साल पहले ही ब्याज जमा होने का अनुमान है।”
वित्त मंत्रालय को देनी होगी मंजूरी
दूसरे अधिकारी ने कहा, “सरकारी व्यवस्था में, औपचारिक घोषणा होने तक कुछ भी तय नहीं है और वित्त मंत्रालय को पहले ब्याज दर पर सेंट्रल बोर्ड की सिफारिशों को मंजूरी देने की जरूरत है। लेकिन यह बात ठीक है कि वित्त वर्ष 22 की ब्याज पिछले दो साल की तुलना में जल्दी जमा होने की संभावना है। यह दो-तीन महीने पहले हो सकती है। दशहरा-दिवाली फेस्टिव सीजन से पहले ब्याज जमा होने की उम्मीद कर सकते हैं।”
वित्त वर्ष 21 की ईपीएफ ब्याज (EPF interest) दिसंबर, 2021 में जमा हुई थी।
पहले ब्याज जमा किया तो ईपीएफओ को होगा फायदा
दूसरे अधिकारी ने कहा कि जब तक वित्त मंत्रालय की औपचारिक मंजूरी के बाद 2021-22 की ब्याज दर जमा होती है तो सभी ईपीएफ सेटलमेंट पिछले साल की ब्याज दर पर होंगे। इनकी संख्या लाखों में होगी।
इसका मतलब है कि यदि आप ईपीएफ मेंबर (EPF member) हैं और नौकरी गंवाने सहित किसी भी वजह से सेटलमेंट कराते हैं तो यह 8.5 फीसदी ब्याज दर से होगा और इससे भुगतान में खासा फर्क आ जाएगा।