आईपीओ में निवेश पर सेबी की एक स्टडी से दिलचस्प जानकारी मिली है। पता चला है कि ज्यादातर इनवेस्टर्स फटाफट मुनाफा कमाने के लिए आईपीओ में निवेश कर रहे हैं। स्टडी के मुताबिक, निवेशक एलॉटमेंट के एक हफ्ते के अंदर 54 फीसदी शेयर बेच देते हैं। वे एक साल के अंदर 74 फीसदी शेयर बेच देते हैं। इससे यह पता चलता है कि आईपीओ में निवेशकों के पैसे लगाने की सबसे बड़ी वजह लिस्टिंग गेंस है। मार्केट में जब तक तेजी जारी रहेगी यह ट्रेंड जारी रहेगा। इस ट्रेंड में तभी बदलाव आएगा, जब लंबे समय तक निवेशकों को लॉस का सामना करना पड़ेगा। ऐसा पहले भी देखा जा चुका है।
