Jio 3-Year Prepaid Plan Rs 10,000: आमतौर पर मोबाइल यूजर्स 28 दिन, 84 दिन या फिर 1 साल के रिचार्ज प्लान चुनते हैं। लेकिन अब रिलायंस जियो ने देश के टेलीकॉम सेक्टर में पहली बार एक ऐसा धमाकेदार प्लान पेश किया है, जिसे एक बार रिचार्ज कराने के बाद आपको पूरे 3 साल यानी 1,095 दिनों तक दोबारा रिचार्ज कराने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।
जियो ने ₹10,000 की कीमत वाला यह लॉन्ग-टर्म प्रीपेड प्लान लॉन्च किया है, जो उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है जो बार-बार के रिचार्ज के झंझट से छुटकारा पाना चाहते हैं।
जियो के ₹10,000 वाले प्लान के फायदे और वैलिडिटी
जियो के इस नए प्लान में ग्राहकों को लंबी वैलिडिटी के साथ-साथ भरपूर डेटा और कॉलिंग के फायदे मिल रहे हैं:
वैलिडिटी: इस प्लान की कुल वैलिडिटी 1,095 दिन (3 साल) है।
कॉलिंग और SMS: ग्राहकों को पूरे देश में सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और हर दिन 100 SMS की सुविधा मिलेगी।
डाटा बेनिफिट्स: यूजर्स को प्रतिदिन 2.5GB मोबाइल डेटा दिया जाएगा। इसके अलावा, अगर आपके पास 5G कंपैटिबल स्मार्टफोन है और आपके क्षेत्र में जियो का 5G नेटवर्क उपलब्ध है, तो आप अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ उठा सकेंगे।
कैनवा प्रो और ओटीटी सब्सक्रिप्शन जैसे एक्स्ट्रा फायदे
कॉलिंग और इंटरनेट के अलावा इस ₹10,000 के रिचार्ज के साथ कई प्रीमियम बेनिफिट्स भी बंडल किए गए हैं। सब्सक्राइबर्स को JioHotstar Mobile + Hollywood सब्सक्रिप्शन, JioTV पर लाइव टीवी चैनल्स का एक्सेस और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज मिलेगी। जियो इसके साथ 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन भी फ्री दे रहा है, जो क्रिएटर्स और प्रोफेशनल्स के लिए बेहद काम का साबित होगा।
क्या ₹10,000 का यह प्लान खरीदना समझदारी है?
इस प्लान को खरीदने की सबसे बड़ी वजह इसकी 3 साल की लंबी वैलिडिटी है। जियो वर्तमान में ₹3,599 और ₹3,999 के सालाना प्लान ऑफर करता है। अगर आप इनमें से किसी भी प्लान को लगातार 3 साल तक रीन्यू कराते हैं, तो कुल खर्च क्रमशः ₹10,797 और ₹11,997 बैठता है।
इस लिहाज से देखा जाए तो ₹10,000 का यह प्लान सालाना प्लान्स को तीन बार रिचार्ज कराने से सस्ता पड़ता है, साथ ही आपको हर साल रिचार्ज करने की झंझट से भी मुक्ति मिल जाती है।