FD में पैसा लगाने वालों के लिए Bank of Baroda से अच्छी खबर आई है। सरकारी बैंक ने अपनी 555 दिन की खास फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम bob Golden Goal पर ब्याज दर 10 बेसिस पॉइंट बढ़ा दी है। ये बढ़ोतरी सभी तरह के ग्राहकों और जमा के सभी विकल्पों पर लागू होगी, और नई दरें 12 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं। सबसे ज्यादा 7.50% का ब्याज 80 साल और उससे ज्यादा उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन को नॉन-कॉलेबल FD पर मिलेगा।
555 दिन यानी करीब एक साल 6 महीने से थोड़ा ज्यादा की इस FD में आम ग्राहकों को अब कॉलेबल डिपॉजिट पर 6.85% और नॉन-कॉलेबल डिपॉजिट पर 6.90% सालाना ब्याज मिलेगा। आम ग्राहकों में NRO और NRE खाते रखने वाले प्रवासी भारतीय यानी NRI भी शामिल हैं। बढ़ोतरी से पहले ये दरें 6.75% और 6.80% थीं।
देश में रहने वाले सीनियर सिटीजन को कॉलेबल FD पर 7.35% और नॉन-कॉलेबल पर 7.40% ब्याज मिलेगा, जो पहले 7.25% और 7.30% था। 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन के लिए दरें बढ़कर 7.45% और 7.50% हो गई हैं, जो पहले 7.35% और 7.40% थीं।
यानी सीनियर सिटीजन को आम ग्राहकों से 0.50 प्रतिशत अंक ज्यादा ब्याज मिल रहा है, जबकि सुपर सीनियर सिटीजन को 0.60 प्रतिशत अंक ज्यादा।
ये स्कीम 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल टर्म डिपॉजिट के लिए है। बैंक ने साफ किया है कि सिर्फ 555 दिन वाली इसी स्कीम की दरें बदली हैं, बाकी सभी अवधि की FD पर ब्याज दरें पहले जैसी ही रहेंगी।
कॉलेबल और नॉन-कॉलेबल FD में क्या फर्क है
दोनों के बीच फर्क पैसा बीच में निकालने की आजादी का है। कॉलेबल FD में आप मैच्योरिटी से पहले पैसा निकाल सकते हैं, हालांकि इस पर बैंक के समय से पहले निकासी के नियम और पेनल्टी लागू होती है। नॉन-कॉलेबल FD में ये सुविधा नहीं मिलती, सिर्फ कुछ खास हालात को छोड़कर। पैसा बंधा रहने की इसी शर्त के बदले बैंक आमतौर पर नॉन-कॉलेबल FD पर थोड़ा ज्यादा ब्याज देते हैं, जैसा इस स्कीम में भी 0.05 प्रतिशत अंक ज्यादा है।
Bank of Baroda की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बीना वहीद ने बताया कि ये बढ़ोतरी उन ग्राहकों को ज्यादा रिटर्न देने के लिए की गई है, जो मीडियम टर्म में तय रिटर्न चाहते हैं। उनके मुताबिक, इस कदम का मकसद बैंक के डिपॉजिट बेस को मजबूत करना और उसकी एसेट-लायबिलिटी मैनेजमेंट रणनीति को सहारा देना भी है।
ग्राहक 555 दिन की ये FD बैंक के bob World मोबाइल बैंकिंग ऐप, bob World Internet नेट बैंकिंग या किसी भी ब्रांच में जाकर खोल सकते हैं। जिनका Bank of Baroda में अभी खाता नहीं है, वो भी बैंक की वेबसाइट से सीधे FD खोल सकते हैं, इसके लिए पहले सेविंग्स अकाउंट खोलना जरूरी नहीं है।