Kanwar Yatra 2025: कावड़ यात्रा के कारण स्कूल और कॉलेज यूपी में बंद रहने वाले हैं। यूपी सरकार ने कावंड़ यात्रा में किसी भी तरह की भीड़-भाड़ से बचने के लिए ये ऐलान किया है। यूपी में स्कूल 16 जुलाई से 23 जुलाई 2025 तक बंद रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों में सभी स्कूलों, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। यह फैसला कांवड़ यात्रा के दौरान होने वाली भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है।
16 से 23 जुलाई बंद रहेंगे सभी स्कूल
मेरठ के जिलाधिकारी वीके सिंह ने बताया कि इस दौरान कांवड़ यात्रियों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है, जिससे यातायात बाधित हो सकता है और छात्रों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए सभी स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया गया है। सभी स्कूल अब 24 जुलाई को फिर से खुलेंगे।
यूपी के 2 जिलों में बंद रहेंगे सभी स्कूल
इसी तरह मुजफ्फरनगर में भी जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आदेश जारी किया है कि सरकारी और निजी स्कूल, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय, डिग्री कॉलेज, और तकनीकी संस्थान सभी 16 से 23 जुलाई तक बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राजेश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड, CBSE और ICSE से जुड़े सभी स्कूलों को इसकी जानकारी दे दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन जिलों में सोमवार को बंद रहेंगे स्कूल
इसके अलावा, बरेली जिला प्रशासन ने सावन महीने के चारों सोमवार को स्कूल बंद रखने का ऐलान किया है। यह नियम दिल्ली रोड और बदायूं रोड से 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी CBSE, ICSE, यूपी बोर्ड और तकनीकी संस्थानों पर लागू होगा।
बदायूं जिले में भी प्राथमिक विद्यालयों कक्षा 1 से 8 तक को सावन महीने में हर शनिवार और सोमवार बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा चिंताएं भी बढ़ गई हैं। हरिद्वार, गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर से कांवड़ियों द्वारा तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।