कुमार विश्वास और अलका लांबा के घर पहुंची पंजाब पुलिस, पूर्व AAP नेता ने CM भगवंत मान को दी चुनौती

कुमार विश्वास के अलावा पंजाब पुलिस बुधवार को कांग्रेस नेता अलका लांबा के घर भी पहुंची

अपडेटेड Apr 20, 2022 पर 4:01 PM
अभी यह पता नहीं चल पाया है कि पंजाब पुलिस किस मामले में दोनों के घर गई थी

आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व नेता और मशहूर कवि कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) ने बुधवार सुबह दावा किया कि पंजाब पुलिस के अधिकारियों की एक टीम ने उनके गाजियाबाद स्थित घर पहुंची है। कुमार विश्वास ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि पंजाब पुलिस किस मामले में कुमार के घर गई थी। कुमार विश्वास गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित सेक्टर-चार में रहते हैं।

ये भी पढ़ें- WHO भी अब योग और आयुर्वेद पर करेगा भरोसा, पूरी दुनिया इलाज के लिए आएगी भारत

कुमार ने पंजाब पुलिस के आने की खबर देते हुए अपने ट्वीट में कहा, 'सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम दिल्ली में बैठे जिस आदमी को पंजाब के लोगों की दी हुई ताकत से खेलने दे रहे हो, वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।


कुमार ने इस ट्वीट के साथ तीन तस्वीरें भी शेयर की हैं। इन तस्वीरों में पंजाब पुलिस की सरकारी गाड़ी और पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। पंजाब पुलिस के जवानों की संख्या तीन से चार दिखाई दे रही है। कुमार विश्वास से पहले पंजाब पुलिस दिल्ली बीजेपी नेता नवीन कुमार जिंदल और तजिंदर पाल सिंह बग्गा के घर भी पहुंची थी।

अलका लांबा के घर पहुंची पंजाब पुलिस

कुमार विश्वास के अलावा पंजाब पुलिस बुधवार को कांग्रेस नेता अलका लांबा के घर भी पहुंची। अलका लांबा ने ट्वीट कर कहा, 'पंजाब पुलिस मेरे घर पहुंच चुकी है।' अलका ने नोटिस के साथ एक अन्य ट्वीट में लिखा, "पंजाब पुलिस घर की दीवार पर नोटिस चिपका कर गई है और जाते जाते #AAP की भगवंत मान सरकार की ओर से धमकी भी देकर गई है कि अगर 26 अप्रेल को थाने में पेश नहीं हुई तो अंजाम बुरा होगा। कांग्रेस की यह गांधी वादी सिपाही बड़े संधियों से नहीं डरी, छोटे संघी की तो बात ही छोड़ दो।"

आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि वह स्वतंत्र देश खालिस्तान के प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, उन्हें खालिस्तानियों से फंडिंग हो रही है। इस आरोप के बाद AAP और कुमार विश्वास के बीच जमकर बहस हुई थी। खतरे को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुमार विश्वास को विशेष सुरक्षा प्रदान की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।