EPF Scheme 2026: पीएफ नियमों में हुआ बड़ा बदलाव! 34 करोड़ कर्मचारियों के लिए आए ये 5 बड़े अपडेट्स
New EPF Rules 2026: नए नियमों के तहत पीएफ से पैसे निकालने, मिनिमम बैलेंस रखने और नॉमिनी को मिलने वाले फायदों में ऐतिहासिक बदलाव किए गए हैं। इस नए बदलाव का सीधा असर देश के करीब 34 करोड़ ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स पर पड़ने वाला है। जानें इस नई योजना के 5 सबसे महत्वपूर्ण बदलाव, जो हर नौकरीपेशा के लिए जानना बेहद जरूरी है
नए नियमों के तहत 'मिनिमम बैलेंस' और 'एलिजिबल मेंबर बैलेंस' का बिल्कुल नया कॉन्सेप्ट पेश किया गया है
EPF Scheme 2026 Key Changes: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने दशकों पुराने नियमों को बदलते हुए नया 'कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 2026' लागू कर दिया है। यह नई योजना पुराने 'EPF Scheme, 1952' की जगह लेगी। इस नए बदलाव का सीधा असर देश के करीब 34 करोड़ ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स पर पड़ने वाला है।
नए नियमों के तहत पीएफ से पैसे निकालने, मिनिमम बैलेंस रखने और नॉमिनी को मिलने वाले फायदों में ऐतिहासिक बदलाव किए गए हैं। आइए समझते हैं इस नई योजना के 5 सबसे महत्वपूर्ण और बड़े बदलाव, जो हर नौकरीपेशा के लिए जानना बेहद जरूरी है।
1. मिनिमम बैलेंस का नया नियम: अब खाली नहीं कर पाएंगे पूरा PF अकाउंट
नए नियमों के तहत 'मिनिमम बैलेंस' और 'एलिजिबल मेंबर बैलेंस' का बिल्कुल नया कॉन्सेप्ट पेश किया गया है:
25% बैलेंस रखना जरूरी: अब आप आंशिक निकासी के तहत अपने पीएफ खाते का पूरा पैसा नहीं निकाल सकते। आपके कुल पीएफ फंड (कर्मचारी + कंपनी का योगदान और उस पर मिला ब्याज) का कम से कम 25 फीसदी हिस्सा हमेशा खाते में बरकरार रखना होगा।
एलिजिबल मेंबर बैलेंस: मिनिमम बैलेंस (25%) को छोड़कर बची हुई 75% राशि ही आपका 'एलिजिबल मेंबर बैलेंस' कहलाएगी, जिसे आप जरूरत के वक्त नियमों के तहत निकाल सकेंगे। यानी बुढ़ापे की बचत के लिए एक-चौथाई फंड को सरकार ने पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है।
2. नौकरी छूटने पर फुल विड्रॉल के लिए अब करना होगा 1 साल का इंतजार
अगर आपकी नौकरी चली जाती है या आप नौकरी छोड़ देते हैं, तो पूरा पीएफ निकालनेके नियमों को कड़ा कर दिया गया है:
12 महीने का नया नियम: पहले नौकरी छूटने के 2 महीने बाद ही पूरा पीएफ पैसा निकाला जा सकता था। नए नियमों के तहत अब आपको 12 महीने का इंतजार करना होगा।
पेंशन फंड (EPS) में भी बदलाव: इसी तरह, एंप्लाइज पेंशन स्कीम (EPS) के तहत फुल विड्रॉल की वेटिंग पीरियड को भी 24 महीने से बढ़ाकर 36 महीने (3 साल) कर दिया गया है। हालांकि, इस बेरोजगार अवधि के दौरान आप जरूरत पड़ने पर आंशिक निकासी कर सकते हैं।
3. नया एश्योरेंस बेनिफिट: नॉमिनी को मिलेगा ₹1 लाख तक का एक्स्ट्रा फायदा
कर्मचारी की असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार यानी नॉमिनी को आर्थिक सहायता देने के लिए EDLI Scheme, 2026 के तहत एक नया 'अश्योरेंस बेनिफिट' जोड़ा गया है:
कैसे होगी गणना: अगर कर्मचारी के खाते का औसत पीएफ बैलेंस ₹50,000 से अधिक है, तो नॉमिनी को मिलने वाली अतिरिक्त सहायता राशि ₹50,000 + (₹50,000 से ऊपर की राशि का 40%) होगी।
अधिकतम सीमा: इस नए नियम के तहत नॉमिनी को पीएफ फंड के अलावा अधिकतम ₹1 लाख तक का अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
4. निकासी की लिमिट तय: कौन सी जरूरत के लिए कितनी बार निकाल सकते हैं पैसा?
सदन और मेडिकल जैसी आपातकालीन स्थितियों के लिए पीएफ निकासी की प्रक्रिया को आसान तो बनाया गया है, लेकिन इसके साथ ही यह सीमा भी तय कर दी गई है कि आप कितनी बार पैसा निकाल सकते हैं:
पढ़ाई: बच्चे या खुद की उच्च शिक्षा के लिए पूरी सदस्यता के दौरान अधिकतम 10 बार पैसा निकाला जा सकता है।
शादी और घर: शादी, घर या फ्लैट खरीदने, जमीन लेने या होम लोन चुकाने के लिए पूरे सेवाकाल में अधिकतम 5 बार आंशिक निकासी की अनुमति होगी।
विशेष परिस्थितियां: किसी विशेष संकट या बीमारी की स्थिति में एक वित्त वर्ष में अधिकतम 2 बार पैसा निकाला जा सकेगा। इन सभी के लिए कम से कम 12 महीने की ईपीएफ सदस्यता होना जरूरी है।
5. देरी पर EPFO चुकाएगा 12% जुर्माना, कमिश्नर की सैलरी से कटेगा पैसा
अब पीएफ क्लेम सेटलमेंट में हीला-हवाली करना ईपीएफओ अधिकारियों को भारी पड़ने वाला है। नए नियमों में जवाबदेही को बेहद सख्त कर दिया गया है:
20 दिन की समय सीमा: ईपीएफओ को हर हाल में 20 दिनों के भीतर क्लेम का निपटारा करना होगा।
12% ब्याज का जुर्माना: अगर बिना किसी वैध कारण के क्लेम सेटलमेंट में देरी होती है, तो ईपीएफओ को लाभार्थी को 12% का दंडात्मक ब्याज देना होगा।
अधिकारियों पर गाज: सबसे खास बात यह है कि इस जुर्माने की राशि को जिम्मेदार 'क्षेत्रीय पीएफ कमिश्नर' की सैलरी से वसूला जाएगा।