Lata Mangeshkar: भारत रत्न और सुर कोकिला लता मंगेशकर कोरोना वायरस से संक्रमित, ICU में कराया गया भर्ती

परिवार ने बताया है कि लता मंगेशकर को हल्के लक्षण हैं, हालांकि उनकी तबीयत ठीक है

अपडेटेड Jan 11, 2022 पर 2:27 PM
परिवार ने कहा कि हमारी निजता का सम्मान करिए और उनके लिए प्रार्थना कीजिए

बॉलीवुड की मशहूर सिंगर और भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) कोरोना वायरस पॉजिटिव हो गई हैं। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। परिवार ने बताया है कि लता जी को हल्के लक्षण हैं, हालांकि उनकी तबीयत ठीक है।

उनकी भतीजी रचना ने समाचार एजेंसी एएनआई को इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 92 वर्षीय दिग्गज गायिका लता मंगेशकर को कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया है। रचना ने कहा कि हालांकि उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं।

दिल्ली में बुजुर्गों के लिए जानलेवा साबित हो रही कोरोना! 5 दिन में Covid-19 से 46 लोगों की मौत, 25 की उम्र 60 के पार


रचना ने कहा कि हमारी निजता का सम्मान करिए और उनके लिए प्रार्थना कीजिए। इससे पहले दिग्गज गायिका को नवंबर 2019 में सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल मुंबई के कैंडी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि लता मंगेशकर को उम्र संबंधी भी समस्याएं हैं जिसका इलाज किया जा रहा है।

देश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,68,063 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,58,75,790 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक इनमें 4,461 मामले ओमीक्रोन वेरिएंट के भी हैं।

आंकड़ों के मुताबिक देश में 208 दिनों के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या सर्वाधिक 8,21,446 दर्ज की गई जबकि 277 और मरीजों की मौत होने से कोविड-19 के मृतकों की संख्या 4,84,213 पर पहुंच गई है। ओमीक्रोन के 4,461 मामलों में से 1,711 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं या विदेश लौट गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।