राजधानी लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपनी दो बड़ी आवासीय योजनाओं नैमिष नगर और वरुण विहार को लॉन्च करने की तैयारी पूरी कर ली है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दोनों योजनाओं का शुभारंभ कर सकते हैं। इस कार्यक्रम को लेकर एलडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और लॉन्चिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन योजनाओं के शुरू होने से राजधानी में लोगों को नए रेसिडेंशियल प्लॉट और घर खरीदने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
3100 से ज्यादा सरकारी प्लॉट की 2 स्कीमें
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के इन योजनाओं में बख्शी का तालाब स्थित नैमिष नगर, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास मोहन रोड पर वरुण विहार और सुल्तानपुर रोड पर वेलनेस सिटी शामिल हैं। इनका उद्देश्य राजधानी में बढ़ती आवासीय जरूरतों को पूरा करना और शहर के सुनियोजित विकास को बढ़ावा देना है। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, इन योजनाओं के लिए पंजीकरण, लॉटरी और भूखंड आवंटन से जुड़ी सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जल्द ही लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
72 से 450 स्क्वॉयर मीटर होगा साइज
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं में कुल 3,105 रेसिडेंशियल प्लॉटों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन योजनाओं में भूखंडों का आकार 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर तक रखा गया है, जिससे अलग-अलग जरूरत और बजट वाले लोग आवेदन कर सकेंगे। दोनों परियोजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए।
आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में वरूण विहार योजना विकसित की जाएगी। परियोजना में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्र में हरित क्षेत्र (ग्रीन बेल्ट), पार्क और जलाशयों (वॉटर बॉडी) का विकास किया जाएगा। इसके अलावा यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, एक विशाल सेंट्रल पार्क और करीब 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क बनाने का भी प्रस्ताव है। योजना के पहले चरण में कैलाश खंड और काशी खंड में कुल 1,926 रेसिडेंशियल प्लॉट लॉन्च किए जाएंगे। इनमें 1,218 प्लॉट कैलाश खंड और 708 प्लॉट काशी खंड में उपलब्ध होंगे।
एलडीए की दूसरी प्रमुख आवासीय योजना नैमिष नगर को आईआईएम रोड के पास लगभग 3,600 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसे लखनऊ के उत्तरी हिस्से के विकास की नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है। इसके लिए बख्शी का तालाब (बीकेटी) तहसील के कई गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। योजना के पहले चरण में 1,179 रेसिडेंशियल प्लॉटों के लिए पंजीकरण शुरू किया जाएगा। इनमें ब्रह्मा खंड के 669 भूखंड और भूमि खंड के 510 भूखंड शामिल हैं।