LIC Bima Sakhi Yojana: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक खास योजना चला रही है। इस योजना का नाम LIC बीमा सखी योजना है। इसके जरिए खासकर गांव और छोटे शहरों में रहने वाली महिलाओं को रोजगार और कमाई का मौका दिया जा रहा है।
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें जुड़ने वाली महिलाओं को सिर्फ बीमा बेचने पर कमीशन ही नहीं मिलता, बल्कि शुरुआती तीन साल तक हर महीने तय स्टाइपेंड भी दिया जाता है। ऐसे में यह योजना उन महिलाओं के लिए बड़ा सहारा बन रही है, जो घर बैठे या अपने इलाके में काम करके कमाई करना चाहती हैं।
LIC बीमा सखी योजना में 18 से 70 साल तक की महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं। इसके लिए कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। यानी ज्यादा पढ़ाई न करने वाली महिलाओं के लिए भी यह अच्छा मौका माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को इस योजना में प्राथमिकता दी जाती है, ताकि गांवों में भी बीमा सर्विस की पहुंच बढ़ सके और महिलाओं को रोजगार मिल सके।
योजना के तहत पहले साल महिलाओं को हर महीने 7,000 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाता है। दूसरे साल यह पैसा 6,000 रुपये और तीसरे साल 5,000 रुपये हो जाता है। इसके अलावा अगर महिला एजेंट ज्यादा पॉलिसी बेचती हैं या तय लक्ष्य पूरा करती हैं, तो उन्हें अतिरिक्त कमीशन भी मिलता है। यानी मेहनत के हिसाब से कमाई और बढ़ सकती है। हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें भी हैं। जैसे पहले साल में की गई कम से कम 65 प्रतिशत पॉलिसियां चालू रहनी चाहिए।
इस योजना में शामिल होने वाली महिलाओं को LIC की तरफ से ट्रेनिंग भी दी जाती है। इसमें बीमा से जुड़ी जानकारी, ग्राहकों से बातचीत और पॉलिसी समझाने जैसी चीजें सिखाई जाती हैं। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद महिलाएं LIC एजेंट के तौर पर काम कर सकती हैं और लंबे समय तक अपनी कमाई जारी रख सकती हैं।
अगर किसी महिला का परिवार पहले से LIC एजेंट या LIC कर्मचारी से जुड़ा है, तो उसे इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा। कंपनी ने ऐसे रिश्तेदारों को योजना से बाहर रखा है।
इस योजना के लिए महिलाएं ऑनलाइन अप्लाई कर सकती हैं। अप्लाई फॉर्म और पूरी जानकारी LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। फॉर्म भरते समय उम्र का प्रमाण पत्र, पता प्रमाण पत्र और एजुकेशनल डॉक्यूमेंट अपलोड करने होते हैं। अप्लाई पूरा होने के बाद चयन प्रक्रिया शुरू होती है।