LIC ने बच्चों के लिए एक नई पॉलिसी पेश की है। इसका नाम है 'अमृतबाल' योजना। माता-पिता अपने बच्चों की उच्च-शिक्षा या उनके शादी के लिए इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं। यह नॉन-लिंक्ड, नॉन-पार्टिसिपेटिंग, इंडिविजुअल, सेविंग प्लान है। यह पॉलिसी 30 दिन से लेकर 13 साल तक के बच्चे के लिए खरीदी जा सकती है। मैच्योरिटी पर बच्चे की न्यूनतम उम्र 18 साल और मैक्सिमस उम्र 25 साल है। सिंगल प्रीमियम पर पॉलिसी की न्यूनतम अवधि 5 साल और लिमिटेड प्रीमियम पेमेंट पर 10 साल है। लिमिटेड और सिंगल प्रीमियम पेमेंट पर मैक्सिमम अवधि 25 साल है।
मैच्योरिटी अमाउंट किस्तों में लेने की सुविधा
पॉलिसी के मैच्योर होने पर सम-अश्योर्ड के साथ गारंटीज एडिशंस का पेमेंट पॉलिसीहोल्डर को होगा। 5, 10 और 15 साल के दौरान किस्तों में भी सेटलमेंट का ऑप्शन है। इस पॉलिसी में प्रीमियम पेमेंट के कई विकल्प हैं। इनमें मंथली, तिमाही, छमाही और सालाना शामिल हैं। इस तरह मिनिमम किस्त 5,000, 15,000, 25,000 या 50,000 रुपये होगी। इस स्कीम में प्रपोजर के लिए सिंगल प्रीमियम और लिमिटेड प्रीमियम के तहत डेथ पर सम अश्योर्ड का चुनाव करने के लिए दो विकल्प हैं।
यह भी पढ़ें: Relocation for job: जॉब के लिए नए शहर में रिलोकेट हो रहे हैं? इन 6 बातों का रखें खास ध्यान
विकल्प के चुनाव के बाद बदलाव की इजाजत नहीं
अगर आप अपने बच्चों के लिए यह पॉलिसी खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो आपको इस विकल्प को सोचसमझकर चुनना होगा। इसके लिए आपको बच्चे की जरूरत और प्रीमियम को ध्यान में रखना ठीक रहेगा। एक बार विकल्प का चुनाव करने के बाद उसमें बाद में किसी तरह के बदलाव की इजाजत नहीं होगी। पहले विकल्प में सालाना प्रीमियम का सात गुना या सम अश्योर्ड में से जो ज्यादा होगा वह दिया जाएगा। दूसरे विकल्प में सालाना प्रीमियम का 10 गुना या बेसिक सम अश्योर्ड दिया जाएगा। सिंगल प्रीमियम के मामले में तीसरे ऑप्शन के तहत सिंगल प्रीमियम का 1.25 गुना या बेसिक सम अश्योर्ड मिलेगा। चौथे ऑप्शन में सिंगल प्रीमियम का 10 गुना मिलेगा।
न्यूनतम कवर अमाउंट 2 लाख रुपये
कंपनी ने कहा है कि इस पॉलिसी में न्यूनतम कवर अमाउंट 2 लाख रुपये है। अधिकतम कवर के लिए कोई सीमा तय नहीं है। पिछले कुछ समय से एलआईसी का फोकस नॉन-पार्टसिपेटिंग प्लान पर बढ़ा है। बच्चों को ध्यान में रखकर पेश किया गया यह प्लान नॉन-पार्टिसिपेटिंग प्लान है। अगर आप अपने बच्चों की उच्च शिक्षा या शादी के लिए इनवेस्ट करने के बारे में सोच रहे हैं तो यह पॉलिस एक विकल्प है।