LPG Cylinder Subsidy: सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की सब्सिडी पर काफी सख्त रुख अपनाया है। अब उन उपभोक्ताओं की LPG सब्सिडी बंद करने का प्लान है, जिनकी कमाई तय सीमा से ज्यादा है।
LPG Cylinder Subsidy: सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की सब्सिडी पर काफी सख्त रुख अपनाया है। अब उन उपभोक्ताओं की LPG सब्सिडी बंद करने का प्लान है, जिनकी कमाई तय सीमा से ज्यादा है।
इसके तहत कई उपभोक्ताओं को SMS भेजे जा रहे हैं। इनमें उनसे अपनी जानकारी अपडेट करने और आय से जुड़ी डिटेल देने को कहा जा रहा है। सरकार का कहना है कि सब्सिडी सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलनी चाहिए, जो इसके सही मायने में पात्र हैं। इसी वजह से अब फर्जी या गैर पात्र लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर साझा हुआ मैसेज
CA हिमांक सिंगला ने सोशल मीडिया पर सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल से आए मैसेज का स्क्रीनशॉट साझा किया है। इसमें 10 लाख से ज्यादा टैक्सेबल इनकम वालों की LPG सब्सिडी बंद करने की बात है।
सिंगला ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सरकार ने अब इनकम टैक्स रिकॉर्ड के आधार पर LPG सब्सिडी पात्रता को लेकर लोगों को SMS भेजना शुरू कर दिया है। जिन उपभोक्ताओं या उनके परिवार के किसी सदस्य की कुल टैक्सेबल इनकम ₹10 लाख से ज्यादा है, उनसे 7 दिनों के भीतर जवाब देने या जानकारी अपडेट करने को कहा जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर LPG सब्सिडी बंद की जा सकती है। ऐसा लग रहा है कि अब सब्सिडी पात्रता की सख्त जांच आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है।'
Government has now started sending text messages regarding LPG subsidy eligibility based on Income-Tax records.
Consumers whose gross taxable income (self or linked family member) exceeds ₹10 lakh are being asked to respond within 7 days, failing which LPG subsidy may be… pic.twitter.com/HHXiQ2BkfX — CA Himank Singla (@CAHimankSingla) May 10, 2026
नियम पालन पर सख्त हुई सरकार
सरकार पहले भी कई बार साफ कर चुकी है कि 10 लाख रुपये से ज्यादा सालाना आय वाले परिवार PAHAL योजना के तहत LPG सब्सिडी पाने के पात्र नहीं हैं। लेकिन अब नए मैसेज से यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि सरकार जांच को पहले से ज्यादा सख्ती से लागू करने जा रही है।
यही वजह है कि आप सीधे मैसेज भेजकर उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है और सब्सिडी खत्म करने की चेतावनी दी जा रही है।
कमाई का पता कैसे लगाएगी सरकार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार अब PAN से जुड़े इनकम टैक्स रिकॉर्ड, आधार से लिंक परिवार की जानकारी और LPG उपभोक्ता डेटाबेस का मिलान कर रही है। इसका मकसद उन परिवारों की पहचान करना है, जो नियमों के बाहर होने के बावजूद सब्सिडी का फायदा उठा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब सिर्फ गैस कनेक्शन धारक की आय नहीं, बल्कि परिवार के दूसरे सदस्यों की कमाई भी जांच के दायरे में आ सकती है। यानी अगर परिवार में किसी एक सदस्य की आय तय सीमा से ज्यादा है, तो सब्सिडी पर असर पड़ सकता है।
सरकार का फोकस क्या है
घरेलू LPG सिलेंडर पर सब्सिडी योजना की शुरुआत आर्थिक रूप से कमजोर और मिडिल क्लास परिवारों को राहत देने के लिए की गई थी। इस योजना के तहत सब्सिडी की रकम सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खाते में भेजी जाती है।
पिछले कुछ सालों में सरकार 'गिव इट अप' अभियान भी चला चुकी है। इसमें सक्षम लोगों से स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने की अपील की गई थी। अब सरकार डिजिटल वेरिफिकेशन और डेटा मैचिंग के जरिए निगरानी को और मजबूत करना चाहती है, ताकि सरकारी खर्च को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सके।
नोटिस मिलने पर क्या करना होगा
जिन लोगों को ऐसा SMS या नोटिस मिला है, उन्हें अपने KYC डॉक्यूमेंट, आय से जुड़ी जानकारी और लिंक रिकॉर्ड की जांच कर लेनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर यह जानकारी अपने रजिस्टर्ड LPG डिस्ट्रीब्यूटर या ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपडेट करनी होगी।
अगर तय समय में जवाब नहीं दिया गया, तो LPG सब्सिडी रोकी जा सकती है। हालांकि उपभोक्ता बाजार कीमत पर गैस सिलेंडर खरीदना जारी रख सकेंगे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।